546 लाभार्थियों को वितरित हुई आवास की चाबी, खिले चेहरे
महराजगंज। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के 2021-22 में स्वीकृत 1005 में से 546 आवासों के लाभार्थियों को शुक्रवार को चाबी दी गई। जरूरतमंदों के चेहरे खिल उठे। इस मौके पर केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि केंद्र व प्रदेश की सरकार गरीबों व जरूरतमंदों की मुश्किलों को पूरा करने में जुटी है।
उन्होंने कहा कि जनहित को ध्यान में रखते हुए ही सरकार की ओर से नीति बनाई जा रही है और उसका क्रियान्वयन कराया जा रहा है। इस मौके पर नौतनवां विधायक ऋषि त्रिपाठी, सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया व फरेंदा विधायक वीरेंद्र चौधरी ने भी अपने विचार रखे। मुख्य विकास अधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने कहा कि आवास के मिलने से लाभार्थी व उनके परिवार की समस्याएं कम होंगी। इस दौरान जिला विकास अधिकारी राकेश कुमार पांडेय व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
लक्ष्मीपुर में सर्वाधिक 546 को सौंपी गई आवास की चाबी
जिले के जिन 546 लाभार्थियों में आवास की चाबी सौंपी गई उनमें लक्ष्मीपुर में सर्वाधिक 115, पनियरा में 110, फरेंदा में 90, नौतनवां में 57, सिसवा में 55, परतावल में 40, धानी में 35, घुघली में 32 व बृजमनगंज के 12 लाभार्थी शामिल रहे।
तीन ब्लॉक के एक भी लाभार्थी को नहीं मिला आवास
प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना का लाभ जहां नौ ब्लॉकों के लाभार्थियों को दिया गया, वहीं सदर, मिठौरा व निचलौल के लाभार्थी वंचित रह गए।