मऊपाकड़ में बना रहा सफारी होटल, मंगल पुल पटखौली में रिसार्ट बनाने का काम तेज
500 से अधिक लोगों को मिलेगा रोजगार
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। जिले को पर्यटन हब के रूप में विकसित करने के लिए इन्वेस्टर्स समिट में साइन हुए एमओयू के बाद रिसार्ट को धरातल पर उतरने की तैयारी चल रही है। जिले में अच्छे होटलों की कमी के कारण पर्यटक रात में रुके बिना नेपाल वाना हो जाते हैं। इससे जनपद को पर्यटन का हब बनाने के सपने को झटका लग रहा है। करीब हर माह आने वाले दो हजार पर्यटक एक रात भी जिले में रुके तो यहां के सामाजिक और आर्थिक विकास में तेजी आ सकती है। जिस रफ्तार से जनपद में पर्यटन का विकास हो रहा है, उससे यही लगता है तीन साल तक पर्यटकों को जनपद में अच्छे होटलों की सुविधा मिलने के आसार नहीं हैं।
शहर के फरेंदा रोड पर टेढ़वा कुटी के पास थ्री स्टार होटल बन रहा है। ज्यादातर काम पूरा हो चुका है। होटल को अंतिम रूप देने की तैयारी चल रही है। इस होटल को आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाया जा रहा है। इसके मालिक ब्रजेश कुमार जायसवाल हैं। सितंबर तक होटल पूरा होने की संभावना है। 100 लोगों को रोजागार भी मिलेगा।
शहर के मऊपाकड़ मोहल्ले में 35,00 स्क्वायर फीट में सफारी होटल भी बन रहा है। पर्यटकों के लिए इसमें बेहतर सुविधाएं होंगी।
जंगल सफारी में भ्रमण करने के लिए लोगों को यहां से सहूलियत मिलेगी। ठहरने के लिए अच्छी सुविधा होगी। गौनरिया बाबू में महाराजा रिसार्ट बन रहा है। एक एकड़ में करीब चार करोड़ रुपये की लागत से इसे बनवाया जा रहा है। 250 लोगों को रोजगार से जोड़ा जाएगा।
रिसार्ट में पर्यटकों को बेहतर सुविधा मिलेगी। घुघली क्षेत्र में मंगलपुर पटखौली में 22 करोड़ रुपये की लागत से रिसार्ट बन रहा है। करीब पांच एकड़ भूमि में फैले रिसार्ट में पर्यटकों की सुख-सुविधा के लिए बेहतर व्यवस्था रहेगी। इसे पूरा होने में एक साल का समय लगेगा। वाटर पार्क, स्वीमिंग पुल, रहने के लिए कमरे, रेस्टोरेंट, नौकायन की सुविधा रहेगी। तीन माह के अंदर नौकायन की सुविधा शुरू होने की संभावना है।
...
बदल रहे महराजगंज में सुविधाओं के साथ बढ़ेगा रोजगार
इन्वेस्टर्स समिट में साइन हुए एमओयू से जिले में पर्यटन सुविधाएं बढ़ जाएंगी। बदल रहे महराजगंज की तस्वीर आधुनिक होगी। रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। स्थानीय स्तर पर लोगों को रोजगार मिल जाएगा। इससे बाहर के शहरों में पलायन रुकेगा। जवाहर लाल नेहरू पीजी के काॅलेज के सैन्य विज्ञान के पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. परशुराम गुप्ता ने बताया कि आने वाले दिनों में पर्यटन के क्षेत्र में जिला विकसित होगा। अत्याधुनिक होटल होंगे। भगवान बुद्ध से जुड़े स्थलों की खुदाई से जिले को एक पहचान मिलेगी। रोजगार की अपार संभावनाएं होंगी।
...
अगस्त तक 438 करोड़ के 57 अन्य कार्यों को पूरा कराया जाना है
जिले में हुए निवेशक सम्मेलन के माध्यम से 170 निवेशकों ने 2100 करोड़ रुपये की लागत से इकाइयों को स्थापित करने के लिए अनुबंध किया था। इन कार्यों के माध्यम से करीब दस हजार लोगों को रोजगार से जोड़ने का लक्ष्य था। इस माह तक करीब 33 करोड़ के 12 कार्यों को पूरा कराया जा चुका है। इससे लगभग 300 को रोजगार मिलेगा। अगस्त तक 438 करोड़ के 57 अन्य कार्यों को भी पूरा कराया जाना है।
...
भूमि उपलब्ध कराने पर दिया जा रहा जोर
महराजगंज शहर से करीब 15 किलोमीटर दूर तथा फरेंदा कस्बे के बीच में स्थित चेहरी में नेशनल टेक्सटाइल कार्पोरेशन की करीब 500 एकड़ भूमि है। इस भूमि को भी निवेशकों को उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्र होने के नाते सदर व फरेंदा के भी पांच हजार से अधिक लोग रोजगार के लिए देश व विदेश के विभिन्न हिस्सों में पलायन करते हैं। यहां पर उद्योगों की स्थापना हो जाए तो जहां दोनों क्षेत्र के जरूरतमंदों को रोजगार मिल जाएगा। वहीं, सड़क, बिजली व पानी संबंधी मूलभूत समस्याएं भी दूर हो जाएंगी। इस भूमि के लिए प्रशासनिक स्तर से कार्पोरेशन से वार्ता की जा रही है।
...
फोटो
काम तेजी से कराया जा रहा है। पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए सुविधाओं को बेहतर बनाया जाएगा। महराजा रिसार्ट और सफारी होटल पर छह करोड़ रुपये खर्च होंगे। स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा।
-राकेश कुमार गुप्ता, कारोबारी
..
फोटो
जिले में बेहतर सुविधा रहेगी तो पर्यटक अपने आप आकर्षिक होंगे। इसे ध्यान में रखते हुए बेहतर ढंग से रिसार्ट बन रहा है। कार्य पूरा होने में एक साल का वक्त लग जाएगा। नौकायन जल्द शुरू हो जाएगा।
-गौरिशंकर गुप्ता, कारोबारी
...
फोटो
सात करोड़ की लागत से रिसार्ट बन रहा है। 90 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। शेष कार्य चल रहा है। आने वाले दिनों में लोगों को रिसार्ट में बेहतर सुविधा मिलेगी। लोगों को रोजगार भी मिलेगा।
-सुनीता कन्नौजिया, कारोबारी
...
फोटो
इन्वेस्टर्स समिट में साइन हुए एमओयू से जिले में पर्यटन विकास को गति मिलेगी। आधुनिक सुविधाओं से युक्त रिसार्ट जिले में पर्यटकों के लिए उपलब्ध रहेंगे। महराजगंज जिले की तस्वीर आने वाले दिनों में बदल जाएगी।
-अभिषेक प्रियदर्शी, उपायुक्त, उद्योग