असंतुलित भोजन व व्यायाम न करने से बढ़ रहे कमर दर्द के मरीज
महराजगंज। जिला अस्पताल के हड्डी रोग विभाग में घुटनों और कमर दर्द के मरीजों की संख्या बढ़ गई है। ओपीडी में प्रतिदिन 50 से 60 मरीज ऐसे रहे हैं। डॉक्टरों ने बताया कि असंतुलित भोजन व व्यायाम न करने की वजह से ऐसा हो रहा है। 30 से 35 वर्ष तक युवा भी इस बीमारी से पीड़ित हो रहे हैं।
भाग दौड़ भरी जिंदगी में लोगों की दिनचर्या बिगड़ रही है। तनाव, काम की अधिकता, झुककर कुर्सी पर बैठना, नींद कम लेने से लोगाें में कमर दर्द की समस्या हो रही है। जिसे लेकर जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या बढ़ रही है। पहले ऐसे रोगियों की संख्या 30 से 35 हुआ करती थी, लेकिन अब काफी बढ़ गई है।
जिला अस्पताल में हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. विकास ने बताया कि सही स्थिति में न बैठने, असंतुलित भोजन करने, व्यायाम न करने से कमर में दर्द की समस्या हो रही है। प्रत्येक दिन ओपीडी में ऐसे 50 से 60 मरीज आ रहे हैं। उन्हें दवा देने के साथ व्यायाम करने का सुझाव दिया जाता है।
लगातार एक ही स्थिति में बैठकर मोबाइल फोन में देखना भी बीमारी का कारण बन रहा है।
जिला अस्पताल में इलाज कराने आए जंगल फर्जीदली गांव के ध्रुव नरायन ने बताया कि दोनों पैर के घुटनों में दर्द रहता है। दवा खाने से ज्यादा राहत मिली है। दूसरी बार आया हूं। दवा के साथ डॉक्टर ने व्यायाम करने की सलाह दी है।
परसा के निवासी सुशीला ने बताया कि कमर में दर्द से काफी परेशानी हो रही है। नजदीक में पीएचसी से दवा ली, लेकिन राहत नहीं मिली। अब जिला अस्पताल में दिखाने आया हूं। डॉक्टर के कक्ष में भीड़ होने से परेशानी हो रही है। लेहड़ा गांव के अदीशुन ने बताया कि पैरों में झंझनाहट रहता है। कमर में दर्द है। चिकित्सक ने दवा देने के साथ व्यायाम करने की सलाह दी है।
सलामतगढ़ गांव के रहने वाले रामरतन ने बताया कि कमर और घुटनों में दर्द हो रहा है। पैर को मोड़ने में दिक्कत होती है। नींद नहीं आती है।
...
कोट
अस्पताल में आने वाले सभी मरीजों का बेहतर ढंग से इलाज किया जा रहा है। घुटनों एवं कमर में दर्द से पीड़ितों के बेहतर इलाज की व्यवस्था है। जरूरी दवाएं अस्पताल में उपलब्ध हैं।
डॉ. एएम भास्कर, सीएमएस