बरवाराजा एवं चौक में निकली कलश यात्रा में शामिल श्रद्धालु।
बागापार/चौक बाजार। सदर तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत बरवाराजा स्थित प्राचीन काली मंदिर पर शुक्रवार को नौ दिवसीय श्रीश्री रुद्र महायज्ञ का शुभारंभ हो गया है। इससे पूर्व आयोजन समिति के पदाधिकारियों एवं क्षेत्रीय नागरिकों ने कलश यात्रा निकाली। कलश यात्रा मंदिर प्रांगण से शुरू हुआ और बरवाराजा, बरईपट्टी, डिबनी टोला, चैनपुर, लठीअहवा, लालपुर होते हुए दरहटा स्थित पोखरे पर पहुंची। जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश में जल भरा गया। कलश यात्रा झनझनपुर, नदुआ, बसंतपुर होते हुए मंदिर परिसर पहुंची। यात्रा में शामिल हजारों की संख्या में कुंवारी कन्याएं मां का जयघोष कर रही थी। बैंडबाजा की धुन पर युवा खूब थिरके। कलश यात्रा में यज्ञ समिति के अध्यक्ष रामभवन पटेल, जगरनाथ जायसवाल, यजमान दुर्विजय पटेल, संजय पटेल, रामबहाल, रवि जायसवाल मौजूद रहे।
इसी क्रम में नगर पंचायत चौक में शुक्रवार को नौ दिवसीय शतचंडी महायज्ञ का आयोजन हुआ। गाजे-बाजे के साथ कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा कटैया गांव से उत्तर तरफ स्थित काली माता मंदिर परिसर से चलकर नगर स्थित गंभीरनाथ चौराहा होते हुए गोरक्षनाथ मंदिर, सोनाड़ी माता मंदिर, नगर पंचायत के न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के बगल स्थित पोखरे पर पहुंची, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मंगल कलश में जल भरा गया। समिति के अध्यक्ष शिवानंद त्रिपाठी ने बताया कि राम में श्री श्री आदर्श विद्यार्थी रामलीला मंडल कटैया चौक के कलाकारों के द्वारा मंचन किया जाएगा। मोहन विश्वकर्मा, त्रिभुवन गुप्ता, श्रीराम गुप्ता, छविनाथ यादव, पवन वर्मा, सर्वेश पांडेय मौजूद रहे।