बगीचे में चोर बाॅक्स से निकाल रहा था सामान, लोगों को देखकर हुआ फरार
संवाद न्यूज एजेंसी
नौतनवा। थाना क्षेत्र के अड्डा बाजार में बृहस्पतिवार की रात चोर ने एक घर में घुसकर बाॅक्स में रखे दस लाख नकदी समेत जेवर की चोरी कर ली। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल में जुटी हुई है।
जानकारी के मुताबिक, नौतनवा थाना क्षेत्र के अड्डा बाजार निवासी मुजफ्फर हुसैन के घर में रात लगभग साढ़े बारह बजे चोर चैनल के रास्ते घर में घुसा और फिर कमरे का दरवाजा खोलकर अंदर रखे बॉक्स चुरा ले गया। घर से लगभग दो सौ मीटर दूर बगीचे में बाॅक्स की कुंडी तोड़कर नकदी और जेवर समेट रहा था। इसी दौरान बरामदे में सोई रजिया खातून की नींद खुली तो चैनल को खुला हुआ देखा। संदेह होने पर अंदर जाकर देखी तो बाॅक्स गायब था।
उसके बाद वह अपने बेटों को जगाई और उसके बाद दूसरे वाले मकान में सो रहे पति मुजफ्फर हुसैन को बाॅक्स के गायब होने की जानकारी दी। इसके बाद रजिया के पति और बेटा बाहर निकले। बगीचे में मोबाइल की लाइट जलाई तो एक युवक दिखा। लाइट देखकर चोर वहां से भाग खड़ा हुआ। रजिया खातून ने बताया कि बॉक्स से जेवर व भूमि खरीदने के लिए रखे 10 लाख की नकदी की चोरी हुई है। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार राय ने बताया कि मामला संदिग्ध लग रहा है। तहरीर मिली है जांच की जा रही है।