घुघली। शनिवार दोपहर में ग्राम सभा बरगदवा माधोपुर में कमरे के बरजे से इन्वर्टर की बैट्री उतारते समय युवक के ऊपर बैट्री गिर गई, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बरगदवा माधोपुर निवासी अंगद चौधरी 25 शनिवार की दोपहर में इन्वर्टर की बैट्री में पानी डालने के लिए कमरे के बरजे से सीढ़ी लगाकर बैट्री नीचे उतार रहा था। करंट लगने से वह बैट्री के साथ नीचे गिर गया। बैट्री उसके सीने पर गिरने से वह अचेत हो गया। परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए जहां डाॅक्टरों ने इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां भी इलाज के दौरान उसे मेडिकल काॅलेज रेफर कर दिया। जहां रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।