महराजगंज। लगातार बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर के बीच जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने शनिवार को फरेंदा, नौतनवां और निचलौल तहसील के संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने बेलसर-रिगौली और रामनगर-ठूठीबारी तटबंध के साथ महाव नाले की स्थिति देखी। सिंचाई विभाग के अधिकारियों को तटबंधों की नियमित पेट्रोलिंग और नदियों-नालों के जलस्तर की निगरानी के निर्देश दिए। फरेंदा में बेलसर-रिगौली तटबंध की टॉप, स्लोप और कटावरोधी कार्यों का जायजा लिया। धानी पुल के डाउनस्ट्रीम में बोल्डर से कराया गया बचाव कार्य संतोषजनक मिला। डीएम ने बाढ़ चौकियों, नावों और नाविकों की उपलब्धता भी जानी।