दावा था 59 प्रकार की जांच का, की जा रही केवल 12
तेज गति का इंटरनेट और जांच किट उपलब्ध नहीं होने से बेकार साबित हो रही स्वास्थ्य जांच मशीन
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। करीब 18 दिन पहले जिला अस्पताल में हेल्थ एटीएम लगी थी। दावा किया गया कि इससे 59 प्रकार की जांच की जाएगी। फिलहाल केवल 12 प्रकार की जांच हो रही है। गंभीर जांच एक भी नहीं हो रही है। वजह यह है कि मशीन को संचालित करने के लिए न तो तेज गति का इंटरनेट है, न ही जांच किट। उधर, श्यामदेउरवा, बागापार, चौक बाजार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) में लगी हेल्थ एटीएम संचालित ही नहीं की जा रही हैं।
मिनटों में जरूरी जांच के लिए जिला अस्पताल में 11 नवंबर को हेल्थ एटीएम लगाई गई। जिला अस्पताल में पर्ची काउंटर के बगल में लगी हेल्थ एटीएम पर एक कर्मचारी तैनात किया गया। इस कर्मी ने अस्पताल के दो कर्मचारियों को स्वास्थ्य जांच मशीन संचालित करने का प्रशिक्षण दिया है। मशीन तो लग गई, लेकिन संचालन के लिए इंटरनेट नहीं दिया गया। अन्य जरूरी सामग्री भी नहीं दी गई। जांच किट नहीं होने से केवल सामान्य जांच ही हो पा रही है। जिला अस्पताल में प्रत्येक दिन करीब 800 मरीज ओपीडी में पहुंचते हैं। इनमें से 20 से 25 लोग ही हेल्थ एटीएम से जांच कराते हैं।
शरीर की स्क्रीनिंग हो रही
हेल्थ एटीएम से शरीर की स्क्रीनिंग हो रही है। बेसिक जांच (हेल्थ स्कोर)- ऊंचाई, वजन, बीएमआई, बीमएआर, हाईड्रेशन, बॉडी मास, मसल्स, क्वालिटी स्कोर, शरीर में वसा का अनुपात, बोन मास, मेटाबॉलिक एज, मसल मास, डायस्टोलिक बीपी, सिस्टोलिक बीपी, पल्स रेट, शरीर में ऑक्सीजन की मात्रा व तापमान की जांच की जा रही है।
ये जांच नहीं होती
हेल्थ एटीएम से पैथोलॉजी टेस्ट भी हो सकेंगे, जिसमें ग्लूकोज, हीमोग्लोबिन, लिपिड प्रोफाइल की जांच होगी। डेंगू, मलेरिया, यूरिन टेस्ट, गर्भावस्था जांच, टाइफाइड, टीएलसी, डीएलसी, ब्लड यूनिट काउंट जैसी जांचें हो सकेंगी। लेकिन फिलहाल ये जांचें नहीं हो रही हैं। इसके लिए जरूरी सामग्री का अभाव है।
लोग बोले-सब दिखावा
मुजहना गांव के वीरेंद्र ने बताया कि हेल्थ एटीएम के बारे में बहुत सुना था। अस्पताल आकर पता किया तो शुगर जांच की सुविधा नहीं थी। जबकि बताया गया था की शुगर की जांच हो जाएगी। लोहिया नगर के गणेश श्रीवास्तव ने बताया कि हेल्थ एटीएम से अभी 59 प्रकार की जांच की सुविधा नहीं मिल रही है। मशीन लगाकर सेवा को बेहतर दिखाया जा रहा है।
हॉट स्पाट से चल रहा काम
जांच मशीन को संचालित करने के लिए हाई स्पीड नेट की जरूरत है। मशीन में हाई स्पीड नेट की सुविधा नहीं मिलने के कारण इसे संचालित करने वाला कर्मी अपने मोबाइल से जोड़कर चला रहा है।
18 दिन में 130 लोगों ने कराई जांच
जिला अस्पताल में लगी स्वास्थ्य जांच मशीन (हेल्थ एटीएम) से 18 दिनों में 130 लोगों ने जांच कराई है। कई लोग जरूरत की सामग्री नहीं होने की वजह से जांच से वंचित हो जा रहे हैं, तो अधिकतर लोगों को जांच मशीन के बारे में पता भी नहीं है।
हेल्थ एटीएम से जांच कराई जा रही है। कार्यदायी संस्था को अन्य जांचों की सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। पर्ची काउंटर पर नेट की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। यहीं से हेल्थ एटीएम को जोड़ दिया जाएगा।
- एके द्विवेदी, प्रभारी सीएमएस