महराजगंज। पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने थाना कोतवाली व भिटौली क्षेत्र के क्रिटिकल व वल्नरेबल मतदान केंद्र कंपोजिट विद्यालय बांसपर बैजौली, कंपोजिट विद्यालय लक्ष्मीपुर देउरवा, जोखन मणि त्रिपाठी इंटरमीडिएट कॉलेज लक्ष्मीपुर देउरवा आदि संवेदनशील व अति संवेदनशील मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया।
एसपी ने स्थानीय लोगों से वार्ता कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। मतदान के महत्त्व को बताते हुए शत प्रतिशत मतदान करने के लिए जागरूक किया। प्रभारी निरीक्षक को स्थानीय लोगों से संपर्क में रहकर समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया। लोकसभा चुनाव को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने के लिए की जा रही तैयारियों की समीक्षा की। संभावित अपराधियों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई करने, हिस्ट्रीशीटरों की जांच कर सक्रिय एचएस के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। संवाद
रजिस्टर के रखरखाव की स्थिति को देखा
महराजगंज। पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने पुलिस कार्यालय के समस्त सेल काऔचक निरीक्षण किया। आंकिक शाखा, प्रधान लिपिक, एएचटी, सम्मन सेल, बड़ी पेशी, सम्मन सेल, कन्विक्शन सेल, चुनाव सेल, एलआईयू, सीसीटीएनएस कार्यालय आदि के बारे में जानकारी दी। रजिस्टर के रखरखाव की स्थिति को देखा। राजकीय कार्यों को समय से पूरा करने का निर्देश दिया। कर्मचारियों से उनकी समस्याओं के बारे में पूछा गया। संवाद
शिकायतों के निस्तारण की जानकारी ली
महराजगंज। जिलाधिकारी अनुनय झा ने लोकसभा चुनाव के शिकायत कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। चुनाव संबंधी प्राप्त शिकायतों को देखा और प्रतिदिन प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने प्राप्त शिकायतों के नियमानुसार और समयबद्ध निस्तारण का निर्देश दिया। उन्होंने कंट्रोल रूम के जारी नंबरों को भी 24 घंटे सक्रिय रखने का निर्देश दिया। उन्होंने सी-विजिल कक्ष को भी देखा और और उड़नदस्ता टीमों के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के लिए निर्देशित किया। संवाद