यात्रियों के प्राथमिक उपचार की व्यवस्था रोडवेज में नहीं, जरूरत पड़ने पर होती है परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। रोडवेज बसों में यात्रियों को बेहतर सुविधा नहीं मिल रही है। अधिकारी इस समस्या पर गंभीर नहीं है। शनिवार को रोडवेज की बसों की पड़ताल में बस के फर्स्ट एड बाॅक्स में दवा की जगह गुटखा मिला। कुछ बसों में तो बाॅक्स लगा ही नहीं था। किसी बस में फर्स्ट एड बाॅक्स लगा था तो उसमें कुछ नहीं मिला।
रोडवेज की बसों में प्राथमिक उपचार की व्यवस्था जरूरी है। सफर के दौरान यदि किसी यात्री की तबीयत बिगड़ती है तो उसे प्राथमिक उपचार की सुविधा मिलनी चाहिए। लेकिन रोडवेज बसों में सुविधा नहीं रहने से यात्रियों को परेशानी होती है। बसों में प्राथमिक उपचार की व्यवस्था नहीं है। बस में सवार नरेश, राजेंद्र ने कहा कि बसों में सफर के दौरान हल्की-फुल्की चोट लगने पर उपचार के लिए कोई इंतजाम नहीं है। यात्री सुविधा को बेहतर करने की दिशा में निगम के अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं।
महराजगंज डिपो में 51 बसें संचालित होती हैं। इनमें 49 निगम की और 11 अनुबंधित बसें हैं। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक सर्वजीत वर्मा ने बताया कि सभी बसों के परिचालकों को फर्स्ट एड के लिए जरूरी सामग्री दी जाती है। अगर किसी बस में प्राथमिक उपचार की व्यवस्था नहीं है तो तुरंत ठीक करा दी जाएगी।