महराजगंज। बेसिक शिक्षा परिषद स्कूलों में आधुनिक प्रयोगों को बढ़ावा देने के लिए नवाचार मेले आयोजित किए जाएंगे। इस संंबंध में शासन स्तर से दिशा-निर्देश जारी किए हैं। शीघ्र ही जनपद में नॉलेज शेयरिंग कार्यक्रम के तहत इस प्रयोग को सार्थक दिशा दी जाएगी।
कार्यक्रम आयोजन कर शिक्षकों की ओर से पढ़ाई में किए जा रहे नव प्रयोगों को प्रदर्शित किया जाएगा। विद्यालय एक-दूसरे के अच्छे नव प्रयोगों को लागू करेंगे और गुणवत्तापरक शिक्षा को बढ़ावा दिया जाएगा। नालेज शेयरिंग प्रोग्राम के तहत यह पहल की जा रही है। बड़ी संख्या में ऐसे शिक्षक हैं जो कठिन से कठिन पाठ को भी छात्रों को आसानी से समझा देते हैं।विभिन्न प्रकार के माडल तैयार कर विद्यार्थियों को बेहतर ढंग से पढ़ा रहे हैं। ऐसे शिक्षकों की प्रतिभा का लाभ दूसरे विद्यालय के भी शिक्षक ले सकें, इसके लिए नवाचार मेले की रुपरेखा तैयार की गई है।
स्कूल शिक्षा महानिदेशक कंचन वर्मा की ओर से नवाचार मेले लगाने के निर्देश जारी किए गए हैं। 17 सितंबर व 18 सितंबर को यह कार्यक्रम वृहद स्तर पर मनाया जाएगा। बेसिक शिक्षा अधिकारी श्रवण गुप्ता ने बताया कि शासन स्तर से दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। नवाचार मेलों के लिए रूपरेखा तैयार कराते हुए कार्यक्रम आयोजित कराए जाएंगे, जिससे विद्यार्थियों की जानकारी बढ़ाई जा सके।