- गुलरिहा जंगल गांव में दो थाने की पुलिस पहुंची, इंद्रेश को पुलिस ने लिया हिरासत में, बढ़ेगी धारा
संवाद न्यूज एजेंसी
खनुआ/कोल्हुई। थाना क्षेत्र के गुलरिहा जंगल के टोला कोइरिया माता में बीते शुक्रवार शाम को खेत में बकरी चराने से मना करने को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई थी। दोनों पक्षों की तरफ से आठ लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस कार्रवाई में जुटी थी। वहीं, मारपीट में घायल एक व्यक्ति की मौत शनिवार देर रात मेडिकल कालेज गोरखपुर में हो गई। रविवार को पुलिस ने सतर्कता बरतते हुए एक व्यक्ति को हिरासत लेकर धारा में बढ़ोतरी करने में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक, टोला कोइरिया माता में बीते शुक्रवार की शाम राकेश मौर्य के खेत में बकरी चराने से मना करने पर इंद्रेश व उसके परिजन राकेश मौर्य को मारने-पीटने लगे। सूचना पाकर मौके पर राकेश के परिजन संध्या, अंजनी, नंदनी पहुंचकर बीच-बचाव करने लगे। तभी इंद्रेश के परिजन उन लोगों को भी मारने-पीटने लगे। गांव के लोगों को आते देख लोग जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। उसके बाद घायल राकेश मौर्य (35) को गोरखपुर बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया।
वहीं, राकेश मौर्य के भाई अनिरुद्ध मौर्य ने कोल्हुई पुलिस को शिकायती पत्र देकर लोगों पर कार्रवाई की मांग की। जिसपर पुलिस ने तहरीर के आधार पर बीते शुक्रवार को ही रात में इंद्रेश सहित चार लोगों के खिलाफ और दूसरे पक्ष से चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया। शनिवार देर रात गोरखपुर बीआरडी मेडिकल कॉलेज में राकेश मौर्य (35) की इलाज के दौरान मौत हो गई। सूचना पाकर परिजन का रोल रोकर बुरा हाल है।
कोल्हुई थाना दिनेश कुमार ने बताया कि मृत राकेश के भाई अनिरुद्ध मौर्य की तहरीर के आधार पर पहले ही मारपीट का मुकदमा दर्ज किया गया था। सूचना मिलने पर मृतक के गांव में पुलिस तैनात कर दी गई। फरेंदा पुलिस क्षेत्राधिकारी अनुज कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर केस दर्ज है। एक पक्ष से राकेश मौर्य की मौत हो जाने पर धारा में बढ़ोतरी की जाएगी। एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है।