सोमवार भोर में मंदिर के महंत एवं आचार्यो ने विधिवत पूजा-अर्चना किया
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। प्राचीन शिव मंदिर कटहरा व इटहिया शिव मंदिर में सावन के पांचवें सोमवार को हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान शिव को जलाभिषेक कर मंगल कामना की। सोमवार भोर में मंदिर के महंत एवं आचार्यो ने विधिवत पूजा-अर्चना किया। इसके बाद मंदिर का कपाट खोल दिया गया।
सुबह होते ही मंदिर पर भीड़ उमड़ पड़ी। हजारों श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। मंदिर में भगवान शिव के दर्शन करने के लिए महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं की लंबी कतार लग गई थी। महिलाएं बेल, धतूरा, भांग, बेर एवं दूध चढ़ाया। किसी को कोई असुविधा न हो, इसलिए श्रद्धालुओं को बारी-बारी मंदिर में भेजा जा रहा था।
कटहरा मंदिर के संरक्षक मिथिलेश सिंह ने बताया कि सावन के पांचवें सोमवार को क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान शिव को जलाभिषेक किया। ग्राम प्रधान कमलेश सिंह, चौकी प्रभारी मनीष कुमार तिवारी, लेखपाल सुनील यादव, विवेक आदि मौजूद रहे।
शिव भक्तों ने निकाली कांवड़ यात्रा, भक्तिमय हुआ क्षेत्र
सावन महीने के पांचवें सोमवार को बड़ी संख्या में शिव भक्त कांवड़ लेकर मंदिर पहुंचे और जलाभिषेक किया। बागापार के शिव भक्त सोमवार की भोर में ही कांवड़ दल लेकर चानकी घाट पहुंचे और वहां से जल लेकर पैदल प्राचीन शिव मंदिर कटहरा पहुंचे। कांवड़ दल में शामिल दिवाकर गुप्ता, मुन्ना मद्धेशिया, परमेश्वर सोनी, बिट्टू, भीम शर्मा, शिवेंद्र शाही, राजू गुप्ता और भुलई शर्मा आदि युवाओं ने जयघोष के साथ मंदिर पहुंचे और भगवान भोलेनाथ को जलाभिषेक किया। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर शिव के जयकारे से गूंज उठा।
-