महराजगंज। मौसम के लगातार परिवर्तित होने का असर लोगों की सेहत पर दिख रहा है। रात्रि के अंतिम प्रहर में हल्की ठंड के कारण लोगों को कूलर-पंखा जहां बंद या उनकी गति कम कर देनी पड़ रही है वहीं दिन के समय तेज धूप के कारण लोग गर्मी महसूस कर रहे हैं।
मौसम के इस दोहरे मिजाज के कारण ब्लडप्रेशर मरीजों की मुश्किल बढ़ गई है। जिन्हें बीपी की शिकायत नहीं रहती उनका ब्लडप्रेशर भी अचानक लो तथा हाई हो रहा है। जिला अस्पताल में इन दिनों बीपी के मरीजों की संख्या बढ़ी है। त्वचा रोग व बुखार की समस्या से जूझते मरीजों की संख्या पहले से ही अधिक है।
बुधवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में 813 मरीजों का उपचार हुआ। इनमें 80 से अधिक मरीज ब्लडप्रेशर के पाए गये। मरीजों की शिकायत है कि बीपी इस कदर लो हो जा रहा कि काम करते करते ही लोग गिर जा रहे हैं। वहीं बीपी के अचानक बढ़ने से शरीर में ऐंठन की शिकायत आम मिल रही है।
चिकित्सकों का कहना है कि ठंडी में बीपी मरीजों को खास ध्यान देने की जरूरत है। बिना जांच कराए किसी दवा का प्रयोग न करें तथा भोजन में नमक व मिठाई की मात्रा नियंत्रित रखें। चावल का उपयोग कम करने के साथ तेल मसालों की मात्रा भी कम कर देनी चाहिए। बीपी बढ़ने व घटने पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करना ही बेहतर रहता है। ा