महराजगंज। बिजली उपभोक्ताओं को अब घरेलू और कॉमर्शियल कनेक्शन का लोड बढ़वाने के लिए विद्युत कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। घर बैठे ही यूपीसीएल की वेबसाइट पर ऑनलाइन जानकारी भरकर ऑनलाइन फीस जमा करनी होगी। इसके बाद निगम के अधिकारी की जांच और रिपोर्ट के बाद कनेक्शन का लोड बढ़ जाएगा।
बिजली निगम में रोजाना 80 उपभोक्ता अपने कनेक्शन का लोड़ बढ़ाने के लिए अधिकारियों और बाबुओं का चक्कर काटते हैं, लेकिन इसके बाद भी लोगों का काम नहीं होता है। बिजली निगम ने घरेलू एवं कामर्शियल उपभोक्ताओं को अपने कनेक्शन का लोड़ क्षमता वृद्धि के लिए सुनहरा मौका दिया है। अब यूपीपीसीएल ने उपभोक्ताओं को लोड़ बढ़ाने का अधिकार स्वयं दे दिया है। दो किलोवाट से लेकर 20 किलोवाट तक उपभोक्ता घर बैठे लोड बढ़ा सकते हैं।
ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
विद्युत वितरण खंड आनंदनगर द्वितीय के एक्सईएन ई. चंद्रेश उपाध्याय ने बताया कि बिजली उपभोक्ता अपने कनेक्शन का एक से 20 किलोवाट तक के घरेलू या कॉमर्शियल कनेक्शन का लोड बढ़वा सकते हैं। इसके लिए उन्हें मोबाइल फोन पर uppcl.org वेबसाइट खोलना होगा। इसमें सेवा अनुरोध सूची पर जाकर लोड परिवर्तन का अनुरोध विकल्प पर क्लिक करें। खुलकर आई टेबल सबसे पहले डिस्काॅम का नंबर डाले। इसके बाद कनेक्शन नंबर भरकर पासवर्ड डालें, कैप्चा डालते पूछेगा कि कितना लोड बढ़ाना चाहते हैं। जरूरत के मुताबिक लोड भरते ही ऑॅनलाइन फीस मांगेगा। फीस जमा करते ही कनेक्शन का लोड बढ़ जाएगा। पीडीएफ डाउनलोड कर सुरक्षित रख लें।