इंडो नेपाल बार्डर के सोनौली सीमा पर जांच करते एसएसबी जवान।
- महराजगंज की 84 किलोमीटर सीमा लगती है नेपाल से, पेट्रोलिंग हुई तेज
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गोरखपुर आगमन के मद्देनजर भारत-नेपाल सीमा पर निगहबानी तेज कर दी गई है। महराजगंज जनपद 84 किलोमीटर सीमा नेपाल से लगती है। यहां एसएसबी ने गश्त बढ़ा दी है। सरहद पर डॉग स्क्वायड व मेटल डिटेक्टर की मदद से नेपाल से आने वालों और उनके सामानों की जांच की जा रही है।
जनपद की अंतरराष्ट्रीय सीमा पूरी तरह से खुली है। कहीं से कोई भी नोमेंस लैंड पार कर एक-दूसरे देश में प्रवेश कर सकता है। महराजगंज में कोल्हुई से लेकर पथलहवा बॉर्डर तक एसएसबी के 17 बीओपी हैं। भारत-नेपाल की खुली सीमा पर करीब 104 पगडंडियां हैं। इन पर भी निगाह रखी जा रही है। एसएसबी 22वीं बटालियन के इंस्पेक्टर जयंत घोष ने बताया कि पीएम नरेंद्र मोदी के आगमन को लेकर भारत-नेपाल सीमा पर अलर्ट है। एसएसबी के जवान डाॅग स्क्वायड के साथ हर आने-जाने वाले की जांच कर रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर पुलिस का पहरा बढ़ा दिया गया है। गश्त तेज कर दी गई है। एसएसबी के साथ पुलिस संयुक्त पेट्रोलिंग कर रही है।