हादसे के बाद घटनास्थल पर रोते बिलखते लोग
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर-नौतनवा रेलखंड के रेलवे गेट 31 सी और 32 सी के बीच स्थित अंजड़ पुल के पास बुधवार को दोपहर बाद 3.28 बजे ट्रेन के आगे कूदकर प्रेमी युगल ने जान दे दी। इसकी जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पाकर संपतिहा चौकी पुलिस और नौतनवा और थानाध्यक्ष फरेंदा मौके पर पहुंच गए। दोनों शवों की शिनाख्त के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए महराजगंज भेज दिया।
चरवाहों के अनुसार, गांव महुआरी और मोगलहा के बीच डूडी के अंजड़ नामक रेलवे पुल के पास छात्र-छात्रा ट्रेन की पटरी पर काफी देर से टहल रहे थे। दोनों स्कूल ड्रेस में थे। इसी बीच गोरखपुर की ओर जा रही इंटरसिटी 15106 डाउन ट्रेन गुजर रही थी। तभी दोनों ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दिए।
रेलवे की मैन शिव पूजन चौहान ने बताया कि लोको पायलट ने कंट्रोल रूम को घटना की जानकारी दी। उसके बाद रेलवे पुलिस को सूचना दी गई। संपतिहा चौकी इंचार्ज जयप्रकाश सिंह के अनुसार मृतकों की पहचान उनके परिजनों ने कर ली है। दोनों भागीरथपुर स्थित एक इंटर कॉलेज के विद्यार्थी हैं। नौतनवां थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव ने कहा कि शव की शिनाख्त हो गई है। पोस्टमार्टम के लिए महाराजगंज भेजा गया है।