- जिले के सभी प्रमुख नदियों व नाले में विसर्जित होंगी देवी प्रतिमा, सिसवा में बृहस्पतिवार को विसर्जन
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। जिले के 11 नगरीय व 12 ब्लॉकों में मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन बुधवार को कड़ी सुरक्षा के बीच होगा। विसर्जन के लिए निर्धारित नदियों व नाले के पास गोतोखोराें की भी तैनात किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। सिसवां कस्बे में स्थापित प्रतिमाओं का विसर्जन बृहस्पतिवार को होगा।
जिले के नगरीय व ग्रामीण क्षेत्रों में कुल 1155 स्थानों पर दुर्गा पंडाल स्थापित करते हुए प्रतिमा की स्थापना हुई है। नवमी केे बाद प्रतिमा का विसर्जन करते हुए मां दुर्गा की विदाई की जाती है। दशमी मंगलवार को है, ऐसे में अधिकांश जगहों पर बुधवार को व सिसवा में बृहस्पतिवार को मूर्तियों का विसर्जन होना है। धानी बाजार क्षेत्र की प्रतिमा राप्ती नदी, सदर, लक्ष्मीपुर, पनियरा व फरेंदा क्षेत्र की अधिकांश प्रतिमा रोहिन नदी में, परतावल की प्रतिमा बेलासपुर में जंगल के पास टेमर में, निचलौल व ठूठीबारी की प्रतिमा चंदन नदी में, नौतनवां क्षेत्र की प्रतिमाओं का विसर्जन डांडा नदी में तथा बरगदवां व आसपास की प्रतिमा महाव नाले में विसर्जित होगी।
सिसवा की प्रतिमा बृहस्पतिवार को खेखड़ा घाट पर विसर्जित होगी। इन सभी प्रमुख नदियों पर प्रकाश व सफाई की पर्याप्त व्यवस्था के निर्देश दिए गए हैं। अपर जिलाधिकारी डॉ. पंकज कुमार वर्मा ने कहा कि विसर्जन स्थलों पर प्रकाश अन्य सभी प्रकार की व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है। वहां पर पर्याप्त संख्या में सुरक्षाकर्मी भी तैनात रहेंगे।
-
नाव के अलावा गोताखाेर और एंबुलेंस के साथ मेडिकल टीम रहेगी मौजूद
जिले के भीड़ वाले सभी प्रमुख नदियों व नालों पर विसर्जन के दौरान नांव के साथ गोताखोर व एम्बुलेंस के साथ मेडिकल टीम को तैनात किया गया है। सभी अपने तैनाती स्थल पर मौजूद रहकर विसर्जन कार्यक्रम को अच्छे ढंग से संंपन्न कराने का कार्य करेंगे।
बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित मिले सिसवा के ईओ, वेतन रोका
डीएम और एसपी ने निचलौल और सिसवा में पंडालों का किया निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। जिलाधिकारी अनुनय झा व पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने सोमवार को निचलौल व सिसवा क्षेत्र में विभिन्न पंडालों व नालों का निरीक्षण किया व कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए। सिसवा में बिना किसी पूर्व सूचना के अनुपस्थित रहने पर सिसवा के अधिशासी अधिकारी शैलेंद्र गुप्ता का वेतन रोकने के लिए अपर जिलाधिकारी को निर्देशित किया।
उन्होंने निचलौल के ठेकड़ा नाला व सदर के बैकुंठी घाट स्थित विसर्जन स्थलों तक जाने वाले मार्ग को सही कराने व सफाई का निर्देश दिया। ठेकड़ा नाला के वापसी मार्ग के जर्जर होेने पर नाराजगी जताते हुए अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग को तत्काल मार्ग के मरम्मत का निर्देश दिया। मार्ग में लटकते तारों को देख कर बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता को तारों को सही कराने का निर्देश दिया। तहसीलदार निचलौल को कैम्प कर विसर्जन मार्गों की कमियों को दुरुस्त कराने को कहा।
विसर्जन स्थलों पर सभी तैयारियों को पूर्ण रखने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने कहा कि विसर्जन स्थलों व मार्गों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था रखी जाए, जिससे कि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति से बचा जा सके। अधिकारियों ने इसके बाद सिसवा बाजार में बने अयोध्या धाम व सिसवा स्टेशन के पास बने अक्षरधाम सहित विभिन्न पूजा पंडाल को देखा व आवश्यक दिशानिर्देश दिए। इस दौरान उप जिलाधिकारी सत्यप्रकाश मिश्रा व दिनेश मिश्रा, पुलिस उपाधीक्षक अजय सिंह चौहान व अनिरुद्ध कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
पालिका अध्यक्ष व अधिकारियों ने त्रिमुहानी में कराई सफाई
सदर व फरेंदा क्षेत्र के विसर्जन स्थल त्रिमुहानी में सोमवार को निरीक्षण करने पहुंचे पालिका अध्यक्ष डॉ. पुष्पलता मंगल, उप जिलाधिकारी दिनेश मिश्रा, पुलिस उपाधीक्षक अजय चौहान, अधिशासी अधिकारी आलोक कुमार मिश्रा व नायब तहसीलदार देशदीपक तिवारी ने सफाई कराई। सफाई कर्मियों ने झाड़ी की कटाई करने के साथ ही नदी के आसपास के हिस्सों को साफ कराया।