अवैध रूप से संचालित पैथोलॉजी, अल्ट्रासाउंड एवं एक्स-रे सेंटर सील
नौतनवां। क्षेत्र के रतनपुर कस्बे में शनिवार की दोपहर एसडीएम राम सजीवन मौर्य एवं एसीएमओ डॉ. राजेंद्र प्रसाद के नेतृत्व में टीम ने अवैध रूप से संचालित अल्ट्रासाउंड एवं पैथोलॉजी सेंटर के खिलाफ कार्रवाई की। कमियां मिलने पर अल्ट्रासाउंड व पैथोलॉजी टेस्ट मशीन एवं एक्स-रे कमरे को सील कर दिया गया। एसडीएम राम सजीवन मौर्य ने बताया कि सूचना के आधार पर शनिवार को क्षेत्र के रतनपुर में संचालित पैथोलॉजी एंड डिजिटल एक्सरे सेंटर पर छापा मारा गया। संचालक कोई भी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर पाए। अल्ट्रासाउंड एवं पैथोलॉजी टेस्ट मशीन तथा एक्स-रे कमरे को सील कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि संचालक सुनील दत्ता के विरुद्ध नौतनवां थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत करा आगे की कार्रवाई की जा रही है। संवाद