नौतनवा। अवैध खनन के विरुद्ध क्षेत्र में बुधवार को अभियान चलाकर चार ट्रैक्टर-ट्राॅली, एक जेसीबी और एक लोडर को पकड़कर सीज कर दिया। वाहनों को थाने के सुपुर्द कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। खनन निरीक्षक अजीत कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग नौतनवा स्थित चंडीथान में नवनिर्मित टोल प्लाजा के पास अग्निशमन केंद्र पर मिट्टी पाटने के नाम पर अवैध खनन होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचकर जांच की गई तो कागजात अवैध पाए गए। इसके बाद मिट्टी लदी ट्रैक्टर-ट्राॅली समेत अन्य वाहनों को पकड़कर सीज कर लिया गया। वहीं क्षेत्र के लालपुर में ट्रैक्टर-ट्राॅली चालक अवैध बालू गिराकर भागने लगा, जिसे दौड़ाकर पकड़ लिया गया। बताया कि अवैध खनन के आरोप में चार ट्रैक्टर-ट्राॅली, एक जेसीबी एवं एक लोडर को सीज कर अग्रिम कार्रवाई के लिए थाना नौतनवा की सुपुर्दगी में दे दिया गया है।