ऑपरेशन दहन के तहत 96.301 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थों का किया गया निस्तारण
महराजगंज। जनपद में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन दहन' के तहत पुलिस ने जब्त मादक पदार्थों को नष्ट कर दिया।
सोमवार को पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर जनपद के चार थानों सिंदुरिया, ठूठीबारी, कोल्हुई और नौतनवा से संबंधित कुल 13 अभियोगों में जब्त किए गए 96.301 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थों को नष्ट किया गया। इन पदार्थों में चरस, गांजा और हेरोइन शामिल थे, जिनकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 2.36 करोड़ रुपये आंकी गई है। इस दौरान मादक पदार्थों के सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल निस्तारण के लिए निर्धारित मानकों का पालन किया गया। यह पूरी प्रक्रिया नौतनवा स्थित एक अधिकृत बायोमेडिकल वेस्ट सर्विस केंद्र में संपन्न हुई, जहां उच्च क्षमता वाले इंसीनरेटर के माध्यम से इन पदार्थों को पूरी तरह भस्मीभूत कर दिया गया। निस्तारण की पूरी कार्रवाई क्षेत्राधिकारी फरेंदा की मौजूदगी और गठित समिति की निगरानी में संपन्न कराई गई।