मंच पर कुर्सी नहीं मिली तो जमीन पर बैठ गए विधायक
ध्वजारोहण कार्यक्रम में बुलाने पर पहुंचे थे कांग्रेस विधायक वीरेंद्र चौधरी
प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ
फरेंदा (महराजगंज)। विष्णु मंदिर तिराहे पर 105 फीट ऊंचा तिरंगा फहराने के कार्यक्रम में बलाने पर पहुंचे कांग्रेस विधायक वीरेंद्र चौधरी मंच पर कुर्सी नहीं मिलने से खफा हो गए। इसके बाद वे जमीन पर बैठ गए। उनकी नाराजगी देख उनके समर्थक भी जमीन पर बैठ गए। सूचना मिलते ही एसडीएम राम सजीवन मौर्य व सीओ कोमल प्रसाद मिश्र मौके पर पहुंचे और मामला शांत कराया।
फरेंदा कस्बे के विष्णु मंदिर तिराहे पर 105 फीट के तिरंगा का लोकार्पण कार्यक्रम स्वतंत्रता दिवस के दिन होना था। विधायक वीरेंद्र चौधरी को नगर पंचायत प्रशासन द्वारा निमंत्रण दिया गया था। विधायक समय पर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे, लेकिन उन्हें मंच पर कुर्सी नहीं मिली। इससे नाराज होकर वे जमीन पर बैठ गए। विधायक के जमीन पर बैठते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। शासन-प्रशासन के लोग मनाने में जुट गए। थोड़ी देर बाद प्रशासन ने पुलवामा में शहीद हुए पंकज त्रिपाठी के पत्नी रोहिणी त्रिपाठी व बेटे प्रतीक से ध्वजारोहण करा दिया। तब जाकर मामला शांत हुआ।
विधायक वीरेंद्र चौधरी ने बताया नगर प्रशासन के निमंत्रण पर समय से पहुंचा था, लेकिन उन्हें उचित सम्मान नहीं मिला। कहा कि तिरंगा के सम्मान में जमीन पर बैठना कोई गलत बात नहीं है। एसडीएम रामसजीवन मौर्य ने बताया कि मामला नगर पंचायत का है। दोनों पक्ष को समझा-बुझाकर मामला शांत करा दिया गया।
नगर पंचायत अध्यक्ष राजेश जायसवाल ने कड़े शब्दों में विधायक के कृत की आलोचना की। कहा कि स्वतंत्रता दिवस के दिन ऐसा नहीं करना चाहिए।
...
बैनर पर फोटो न देख नाराज हो गए विधायक
स्वतंत्रता दिवस के दिन आयोजित लोकार्पण कार्यक्रम के मंच पर लगे बैनर में विधायक वीरेंद्र चौधरी का फोटो नहीं लगा था। विधायक मंच के करीब पहुंचे तो कड़ी आपत्ति दर्ज कराई। कहा कि बैनर में शहीदों व स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की भी तस्वीर नहीं लगी है। मंच विशेष पार्टी का बनाया गया है। संवाद