आवास न मिलने के कारण टिनशेड में गुजर बसर कर रहा है परिवा
निचलौल। ब्लॉक के जिम्मेदारों की मनमानी के चलते बाली की सोना देवी का परिवार टिनशेड में गुजर-बसर करने को मजबूर है। क्योंकि गरीब परिवार से रिश्वत नहीं मिला तो जिम्मेदारों ने उनका नाम प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची से कटवा दिया। वहीं अब मामले को तुल पकड़ता देख ब्लॉक के जिम्मेदार एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए पल्ला झाड़ने में लगे हैं। हालांकि पीड़ित परिवार ने इस मामले में जिला मुख्यालय पहुंचकर डीएम से शिकायत की है।
बाली गांव की सोना देवी (65) ने बताया है कि उनके पास महज 25 डिस्मिल कृषि भूमि है। वह पति छब्बी और तीन बेटे दिनेश, संतोष और अशोक के साथ गांव में टिनशेड और तिरपाल के नीचे गुजर-बसर करती हैं। करीब पांच वर्ष पहले शौचालय योजना का लाभ मिला था। जिसे किसी तरह बनवा ली है। वहीं बारिश और ठंड से बचने के लिए लंबे समय से आवास का पैसा आने का इंतजार कर रही थीं। इसी बीच जानकारी मिली कि पीएम आवास योजना की सूची में उनका नाम 15वें पर दर्ज है। सूची में नाम आने के बाद उम्मीद जगी थी कि अब बुढ़ापे में बच्चों के साथ जीवन अच्छे से कट जाएगा।
उन्होंने डीएम को दिए नोटरी में कहा कि आवास देने के लिए जिम्मेदार उनसे 10 हजार रुपये की मांग करने लगे। गरीब होने के चलते रकम इकठ्ठा नहीं कर पाई। इसके चलते जिम्मेदारों ने उनका नाम आवास सूची से कटवा दिया। जबकि रकम देने वाले अपात्रों को योजना का लाभ दिया जा रहा है।
निचलौल ब्लॉक के रुद्रौली निवासी सावित्री देवी ने बताया कि उनके पास महज 20 डिस्मिल कृषि योग्य भूमि है। पति रामाश्रय गांव में मजदूरी करते हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची में उनका नाम नहीं है। नाम सूची में दर्ज करने के लिए ग्राम प्रधान से लेकर विभाग के जिम्मेदारों से कई बार गुहार लगा चुकी हैं। उसके बाद भी उसका नाम अभी सूची में नाम नहीं दर्ज हो सका है। ऐसे में ठंड और बारिश के मौसम में टीनशेड के आशियाने में काफी दुश्वारियां होती हैं।
-
मामले में पीड़िता से शिकायत मिली है। आवास योजना में धांधली की जांच कराने के लिए निर्देशित किया गया है। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
-सत्येंद कुमार, जिलाधिकारी