मृतक रानी चौरसिया का फाइल फोटो।संवाद
पति का चाल-चलन ठीक नहीं बता रही थी पत्नी
संवाद न्यूज एजेंसी
सिसवा बाजार। कोठीभार थाना क्षेत्र की ग्राम सभा बगही के टोला विशुनपुर निवासी रीना चौरसिया के पुत्री रानी चौरसिया की ससुराल रामकोला थाना क्षेत्र के राजपुर खास में रविवार को मौत हो गई। मामले में मृतका की मां ने मृतका के पति पर हत्या का आरोप लगाया है।
मृतका रानी चौरसिया की मां रीना चौरसिया ने बताया कि बेटी का शादी के बाद दाम्पत्य जीवन सुखमय नहीं था। बेटी डेढ़ साल से मायके में थी। इस दौरान जब भी ससुराल जाती थी तो दामाद उपेंद्र चौरसिया मारपीट कर दो-चार दिन में पुन: बेटी को मायके पहुंचा देता था। 19 अप्रैल को भी उपेंद्र रानी को विदा करा कर ले गया था।
चार दिन बाद रविवार की रात साढ़े दस बजे दामाद ने फोन कर के बताया कि रानी से विवाद के बाद बाइक से मायके छोड़ने आ रहा था। गांव से निकल कर बगल के गांव में जैसे पहुंचा, तभी किसी चार पहिया वाहन ने रानी को टक्कर मार दी। इससे उसकी मौत हो गई है। मुझे विश्वास नहीं हुआ। सुबह जब बेटी के घर पहुंची तो गांव के बाहर ही कुछ लोगों ने बताया कि रानी की हत्या कर दी गई है।
बताया कि दामाद उपेंद्र का चाल-चलन ठीक नहीं था। बेटी विरोध करती थी तो विवाद होता रहता था। सात महीने पूर्व भी ऐसे ही विवाद में उपेंद्र ने रानी की हत्या करने की धमकी दी थी। कुछ रिश्तेदारों के साथ दामाद और उनके परिजनों के साथ पंचायत हुई थी। समझौते के बाद भी उपेंद्र का रानी को मारने-पीटने का क्रम जारी रहा। अपनी डेढ़ साल की बेटी का भी कोई ध्यान नहीं रखता था।
रीना ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि न्याय करते हुए बेटी के हत्यारोपी को कठोर से कठोर सजा दिलाई जाए।