हत्या के आरोप में पति, ससुर व सास को जेल
चौक बाजार ( महराजगंज)। क्षेत्र के ग्राम सभा बेलभरिया टोला विजय नगर निवासी उषा यादव (26) की हत्या के आरोप में पुलिस ने मृत उषा के पति सोनू यादव, ससुर ईश्वर यादव व सास बासमती को बृहस्पतिवार को सुबह 10 बजे बेलभरिया चौराहे से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। उषा के पिता शिवचरन निवासी ग्राम जंगल गुलहरिया थाना कोल्हुई की पुत्री की शादी बेलभरिया टोला विजयनगर निवासी सोनू यादव से हुई थी। शादी के कुछ वर्षों तक सब ठीक रहा। इस दौरान उसे एक पुत्र हुआ। आरोप है कि सोनू सहित परिजनों ने दहेज के लालच में गत सोमवार की रात हत्या कर दी। मृतका के पिता शिवचरन की तहरीर पर दहेज, हत्या का केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही थी। मुखबिर ने सूचना दी कि आरोपी बेलभरिया चौराहे पर है जो कहीं भागने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। यह जानकारी थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार ने दी।