महराजगंज। पनियरा के ग्राम पंचायत सतगुरु में लगभग 50 डिस्मिल जमीन पर लाखों रुपये खर्च बना हाट पैड उपेक्षा का शिकार हो गया है। टीन शेड गिर रहा है, लोग ईंट व पाइप उखाड़ कर घर लेकर चले गए।
पूर्व प्रधान पति रघुनाथ प्रसाद ने बताया कि यह मंडी वर्ष 2005 में लगभग पांच लाख रुपये की लागत से 50 डिस्मिल जमीन पर बनी है। जब हाट बना तभी, वहां बृहस्पतिवार को बाजार लगता था। लगभग एक वर्ष तक मंडी लगी फिर धीरे-धीरे लोगों का आवागमन कम हो गया और मंडी टूट गई। अब यह रखरखाव के अभाव में जर्जर होकर गिर रहा है लोग इसके ईंट व पाइप को उखाड़ कर उठा ले जा रहे हैं।
मंडी गांव का चारागाह बन गया है। उस समय एक टीन शेड, एक आवास व शौचालय बना था। पानी पीने के लिए दो इंडिया मार्का हैंडपंप लगा था लेकिन अब सब खराब पड़ा है। गांव के ग्रामीण बद्री, परमार्थ, ललकू, बलराम, चंद्रिका, रामचंद्र व सर्वजीत ने शासन-प्रशासन से उक्त मंडी का जीर्णोद्धार कर उसे संचालित कराने की मांग की। ग्राम पंचायत अधिकारी सुमित रंजन ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। कोई व्यवस्था बनाकर उसका जीर्णोद्धार कराया जाएगा।