अनुपस्थित रहने पर शिक्षकों का मानदेय रोका
बीएसए ने कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय सदर का किया निरीक्षण
महराजगंज। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार सिंह ने शनिवार को कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय सदर का निरीक्षण किया। इस दौरान अनुपस्थित मिलने पर शिक्षक प्रियंका त्रिपाठी व ममता यादव का दिसंबर का मानदेय रोकने का निर्देश दिया। दोनों शिक्षिकाओं को चार जनवरी तक स्पष्टीकरण देने को कहा गया है।
बीएसए ने शनिवार दोपहर लगभग एक बजे सदर कस्तूरबा पहुंचे। उन्होंने पाया कि नामांकित 100 बालिकाओं की जगह 78 बालिकाएं मौजूद हैं। चार फुल टाइम शिक्षक की जगह विद्यालय में दो फुल टाइम शिक्षक मौजूद मिलीं। बालिकाओं से भी बात कर उन्हें मिल रहे नाश्ता व भोजन के बारे में विस्तृत जानकारी ली गई। विद्यालय में सीढ़ी के पास पर्याप्त प्रकाश नहीं था, जिस पर उसे सुधारने के निर्देश दिए गए। विद्यालय में प्रति शयनकक्ष दो ब्लोवर खरीदने को भी कहा। कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय फरेंदा का भी निरीक्षण किया तथा मिली कमियों को दूर कराने के लिए वार्डेन को निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी अरविंद मणि त्रिपाठी व जिला समन्वयक बालिका शिक्षा केके सिंह मौजूद रहे।