खराब प्रगति पर पांच बीपीएम का मानदेय रोका
समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने दिए निर्देश
महराजगंज। जननी सुरक्षा योजना में आशाओं के भुगतान की खराब प्रगति व डाटा फीडिंग में लापरवाही पर जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने पांच ब्लॉकों के बीपीएम का मानदेय रोकने का निर्देश मुख्य चिकित्सा अधिकारी को दिया है।
उन्होंने कहा कि जब तक आशाओं का शत-प्रतिशत भुगतान न हो जाए तब तक किसी का भी मानदेय न दिया जाए। ये निर्देश जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के विभिन्न कार्यक्रमों की समीक्षा के दौरान दिए।
उन्होंने जननी सुरक्षा योजना में सिसवा, मिठौरा, सदर, फरेंदा व रतनपुर में भुगतान की स्थिति को सुधारने का भी निर्देश दिया। फरेंदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेें स्थानांतरित चिकित्सकों के कार्यभार न संभालने पर उन्होंने कहा कि सीएमओ आदेश जारी करते हुए उन्हें स्थानांतरित तिथि से स्वत: कार्यमुक्त मानें अन्यथा की स्थिति में उनकी सर्विस को ब्रेक माना जाएगा।
उन्होंने फरेंदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर एएनएम की कम तैनाती होने पर असंतोष जताते हुए अन्य सामुदायिक व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर सरप्लस एएनएम को फरेंदा में तैनात किए जाने का निर्देश दिया। आयुष्मान योजना के मरीजों के लिए अलग वार्ड बनाए जाने को कहा।
इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नीना वर्मा, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राकेश कुमार व डॉ. राजेंद्र प्रसाद, जिला विद्यालय निरीक्षक अशोक कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।