महराजगंज। आयुष्मान कार्ड बनाने में शिथिलता बरतने के आरोप में 196 पंचायत सहायकों का पांच-पांच दिन का मानदेय रोक दिया गया है।
पात्र ग्रामीणों का आयुष्मान कार्ड बनाया जाना है। इसके लिए नियंत्रण कक्ष से पंचायत सहायकों से प्रतिदिन रिपोर्ट भी ली जा रही है। कार्ड बनाने में 10 से 14 मई के बीच शिथिलता दिखाने वाले निचलौल ब्लॉक के 30, सिसवा ब्लॉक के 18, लक्ष्मीपुर के 28, पनियरा व परतावल के 16-16, मिठौरा के 17, धानी के पांच, फरेंदा के 14, बृजमनगंज के 13, नौतनवां के 12, सदर के आठ व घुघली के 19 पंचायत सहायकों का मानदेय रोका गया है।
जिला पंचायत राज अधिकारी यावर अब्बास ने बताया कि आयुष्मान कार्ड बनाने में शिथिलता बरतने पर ग्राम सचिवों को पंचायत सहायकों का मानदेय रोकने के निर्देश दिए गए थे। उनकी ओर से 196 पंचायत सहायकों के मानदेय रोकने की जानकारी दी गई है। उन्होंने बताया कि आयुष्मान कार्ड बनाने में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दास्त नहीं की जाएगी। संवाद