-उपभूमि अध्यापित अधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को भेजा मांग पत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। जनपद मुख्यालय से निचलौल होते हुए ठूठीबारी तक जाने वाले मार्ग को फोरलेन करने की प्रक्रिया लोक निर्माण विभाग प्रारंभ करने की तैयारी में है। 40 किमी की इस मार्ग के उच्चीकरण के लिए सदर तहसील के दो गांव तथा निचलौल तहसील की पांच ग्राम पंचायतों से भूमि अधिग्रहण का कार्य किया जाएगा। जिनकी जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा उन्हें लोनिवि सर्किल रेट के अनुसार मुआवजा/क्षतिपूर्ति उपलब्ध कराएगा।
भूमि अध्यापित अधिकारी मदन मोहन वर्मा ने लोनिवि के राष्ट्रीय मार्ग खंड अधिशासी अभियंता से 3,41,17,777 रुपये की मांग की। उक्त रकम को हस्तांतरित करने के लिए विभाग का खाता नंबर भी उपलब्ध कराया गया है। राज्य मार्ग संख्या 730 एस महराजगंज से निचलौल होते हुए ठूठीबारी तक चार लेन की बनाई जाएगी। इस मार्ग के उच्चीकरण में आने वाले ग्राम पंचायतों की भूमि अभिनिर्णय की कागजी कार्रवाई पूर्ण हो चुकी है।
उच्चीकरण कार्य में किस काश्तकार की कितनी भूमि अधिग्रहित होगी इसका चिह्नांकन पूर्ण हो गया है। अब विभाग उन काश्तकारों को मुआवजा प्रदान करेगा जिनकी जमीन हाईवे के दायरे में आने के कारण ली जानी है। इसमें सदर ब्लाॅक के थनेवा-धनेई के लिए 473825 रुपये, सिंदुरिया 15405272 रुपये, निचलौल तहसील के लोहरौली 667242, परसाचक गोबरही 5424919, ढेकावे 2759125, मिठौरा 723572, भरशलिया 8663822 रुपये मुआवजे के रूप में वितरित की जानी है।
कुल तीन करोड़ 41 लाख सत्रह हजार सात सौ सतहत्तर रुपये की मांग उप भूमि अध्यापित अधिकारी ने लोक निर्माण विभाग से की। उल्लेखित रकम की उपलब्धता के लिए उप भूमि अध्यापित पदनाम से इंडियन बैंक शाखा महराजगंज का खाता नंबर भी उपलब्ध कराया गया है। उप भूमि अध्यापित अधिकारी मदन मोहन वर्मा ने बताया कि भुगतान प्राप्त होने के बाद संबंधित काश्तकारों को धनराशि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी।