निचलौल। शहर के घोड़हवा मुहल्ला में बीते दिनों चिकन पॉक्स के प्रकोप से लोगों में दहशत का माहौल था। लोगों से मिली जानकारी के बाद अमर उजाला ने अपने शुक्रवार और शनिवार के अंक में प्रमुखता से खबर को प्रकाशित किया। इसके बाद से निरंतर नगर पंचायत के कर्मचारी जहां मोहल्ले में सफाई कर नालियों में दवा का छिड़काव कर रहे हैं। वहीं, स्वास्थ्य विभाग की टीम निरंतर चिकन पॉक्स पर अंकुश लगाने में जुटी हुई है।
शनिवार को भी मोहल्ले में पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम एक वर्ष से लेकर 18 वर्ष तक के 37 बच्चों को विटामिन ए की दवा पिलाई। उसके बाद दवा, ब्लीचिंग पाउडर का वितरण कर लोगों को जागरूक किया। मोहल्ले में टीम के साथ पहुंचे सीएचसी अधीक्षक डॉ. अंग्रेस सिंह ने कहा कि सर्वे में कोई नया मरीज नहीं मिला है।
पहले से चिकन पॉक्स से पीड़ित सफरुद्दीन, बुलबुल, बृजमोहन, अंकित, आराध्या, पीयूष, रागनी, अरमान अली सहित कुल 37 बच्चों को विटामिन ए की दवा पिलाई गई। इस दौरान मोहल्ले की लोगों से चिकन पॉक्स से बचाव के लिए तमाम बिंदुओं पर चर्चा कर उन्हें जागरूक किया गया। टीम में स्वास्थ्य निरीक्षक चंद्रशेखर वर्मा, बीसीपीएम उमेश यादव, अरविंद कुमार, सौरभ कुमार राय शामिल रहे।
शराब और मांस पर 15 दिनों तक लगा प्रतिबंध
मोहल्ले के रहने वाले दशरथ प्रसाद, स्वामीनाथ, रामकुमार, घनश्याम, राकेश आदि ने कहा कि चिकन पॉक्स से बचाव को लेकर मोहल्ले में स्थित काली मंदिर पर बैठक की गई। बैठक में लोगों से मिली चंदे की रकम से देवी देवताओं की पूजा की गई। वहीं, निर्णय लिया गया कि मोहल्ले में 15 दिनों तक मांस न खाया जाए और शराब न पी जाए।