महराजगंज। गर्मी से बच्चों की सेहत बिगड़ रही है। उल्टी-दस्त, बुखार से पीड़ित बच्चे जिला अस्पताल पहुंच रहे हैं। एक दिन में करीब 15 से 20 को इलाज के लिए भर्ती करना पड़ रहा है। दूषित खानपान और साफ-सफाई पर ध्यान न देने से लोग बीमार पड़ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या एकाएक बढ़ गई है। बुखार, उल्टी-दस्त, पेट दर्द से बच्चे पीड़ित बच्चे पहुंच रहे हैं। करीब 15 दिन पहले इनकी संख्या सात से आठ हुआ करती थी, लेकिन अब 15 से 20 हो गई है। ओपीडी में भीड़ अधिक होने से इलाज कराने में समस्या हो रही है। ओपीडी में 900 से अधिक मरीज रोजाना पहुंच रहे हैं। पर्ची कटवाने से लेकर जांच कराने में मरीजों को परेशान होना पड़ रहा है।
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. विशाल चौधरी ने बताया कि जिन बच्चों की प्रतिरोधक क्षमता कम होती है, वह इसकी चपेट में जल्दी आते हैं। गर्मी को लेकर विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। बच्चों को दिक्कत होने पर डॉक्टर से दिखाएं।
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. एपी भार्गव ने बताया कि अस्पताल में पर्याप्त दवाएं उपलब्ध हैं। सभी मरीजों का बेहतर ढंग से इलाज किया जा रहा है।
ये बरतें सावधानी
-बच्चों को धूप में न निकलने दें।
-जरूरी होने पर सिर ढककर और पानी पीकर निकलें।
-दूषित खाद्य पदार्थों का सेवन न करें।
-पूरे शरीर को ढकने वाले सूती कपड़े पहनाएं।
-शुद्ध पानी का प्रयोग करें।
-दिक्कत हो तो चिकित्सक को दिखाएं।