त्रिवेणी धाम नेपाल गया कांवड़ियों का जत्था, जल भरकर रविवार को सिसवा कस्बे में पहुंचा
संवाद न्यूज एजेंसी
सिसवा बाजार। सावन माह के अंतिम सोमवार को बउरहवा बाबा मंदिर में भोलेनाथ को जलाभिषेक के लिए त्रिवेणी धाम नेपाल गए कांवड़ियाें का जत्था जल भरकर रविवार को सिसवा कस्बे में पहुंचे। सिसवा क्षेत्र के हजारों कांवड़ियों का जत्था शनिवार को जल भरने के लिए नेपाल के त्रिवेणी धाम के लिए रवाना हुआ था।
रविवार को झांकियों के साथ भजनो के धुन पर थिरकते हुए सिसवा नगर में प्रवेश किए। इस दौरान अमडीहा में शिव मंदिर, श्रीराम जानकी मंदिर, शायर माता स्थान, इस्टेट चौक प्राइमरी पाठशाला, संस्कृत महाविद्याल, जायसवाल नगर शिव मंदिर पर स्वयंसेवकों द्वारा कांवड़ियों के भोजन, गरम पानी व विश्राम का व्यवस्था की गई थी। इस अवसर नगर के दोनों छोर पर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर भारी वाहनों के आने पर रोक लगा दी थी। ताकि कावड़ियों को कोई असुविधा न हो एवं रात में श्री रामजानकी मंदिर समिति ने जागरण का भी आयोजन किया।
सोमवार को प्रातः सभी कावड़िया बउराहवा बाबा के मंदिर में भगवान भोलेनाथ को जलाभिषेक कर अपनों घरों को प्रस्थान करेंगे। इस दौरान एसडीएम सत्यप्रकाश मिश्र, सीओ अनिरुद्ध कुमार, प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार राय, सिसवा चौकी प्रभारी राजेंद्र प्रसाद आदि मौजूद रहे।
मुस्लिम समुदाय के लोगों ने कांवड़ियों के पांव फुहारों से धोए
सिसवा बाजार। कांवड़ यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं को सिसवा में पहुंचने के बाद रोडवेज बस स्टैंड पर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने फुहारों से पैर धुलवाया, ताकि लंबी यात्रा के बाद आराम मिल सके। सौहार्द की अनूठी मिशाल देखने को मिली। इस दौरान मिसकारी टोला मदरसे के प्रबंधक बेलाल अहमद, इलियास अहमद, सोनू आदि मौजूद रहे।