महराजगंज। शादी, जन्मदिन या अन्य खुशियां परिषदीय स्कूलों के बच्चों संग साझा की जा सकेंगी। शासन से परिषदीय स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए तिथि भोजन योजना लागू की है। योजना के तहत कोई भी व्यक्ति विद्यार्थियों को पोषक तत्वों से भरपूर भोजन करा सकेगा। जिले के 1705 स्कूलों में तिथि भोजन योजना लागू की गई है।
शासन ने परिषदीय स्कूलों के विद्यार्थियों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के लिए समुदाय की भागीदारी तय करने के लिए इस योजना को दोबारा संचालन में लाने का फैसला लिया है। इस पहल के तहत खास मौके पर परिषदीय स्कूलों के विद्यार्थियों को बाहरी लोग भोजन करा सकेंगे। बच्चों को कराए जाने वाला यह भोजन विद्यालय की रसोईघर में तैयार होगा, लेकिन भोजन के लिए मध्याह्न भोजन का खाद्यान्न या कंवर्जन कॉस्ट का प्रयोग नहीं किया जा सकेगा।
बाहर पकाया गया भोजन किसी भी स्थिति में विद्यार्थियों को वितरित नहीं होगा। भोजन बनाने के लिए यदि रसोईया की आवश्यकता होगी तो इसकी व्यवस्था व्यक्ति या संस्था को करनी होगी। भोजन के लिए पंडाल या माइक का प्रयोग नहीं किया जा सकेगा। इसका प्रचार-प्रसार नहीं किया जाएगा। तिथि भोजन में जो व्यक्ति भोजन कराएगा वह स्वयं ही उस तिथि को उपस्थित होगा और स्वयं भी भोजन करेगा। भोजन का मेन्यू प्रधानाध्यापक एवं विद्यालय प्रबंध समिति तय करेगी।
शासन से मध्याह्न भोजन योजना में तिथि भोजन को शामिल किया गया है। इस संबंध में शासन के जो निर्देश मिले हैं उनका पालन कराया जाएगा।
-श्रवण गुप्ता, बीएसए