चौक बाजार। स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम बरगदही बसंतनाथ में अज्ञात चोरों ने चहारदीवारी फांदकर हैंडपंप और पानी का मोटर चोरी कर ली। पीड़ित ने थाना चौक में तहरीर देकर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। ग्राम बरगदही बसंतनाथ निवासी अवधेश प्रसाद के अनुसार, उसकी जमीन करीब 5-6 फीट ऊंची पक्की चहारदीवारी से घिरी है, सुरक्षा के लिए लोहे का गेट भी लगा है। पानी की व्यवस्था के लिए एक हैंडपंप तथा पानी का मोटर लगाया था। आरोप है कि 12 फरवरी की रात अज्ञात चोर चहारदीवारी फांदकर अंदर घुसे और हैंडपंप व मोटर उखाड़कर ले गए। सुबह जब वह मौके पर पहुंचे तो गेट बंद मिला, लेकिन अंदर से दोनों सामान गायब थे। आसपास के लोगों से पूछताछ के बाद भी कोई सुराग नहीं मिल सका। पीड़ित ने थाना चौक में लिखित शिकायत देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है। थानाध्यक्ष चौक ओमप्रकाश गुप्ता ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।