बेटे ने जीआरपी कंट्रोल रूम को दी थी सूचना, सघन तलाशी के बाद आनंदनगर मिली महिला
संवाद न्यूज एजेंसी
फरेंदा। मैलानी एक्सप्रेस में बेटे के साथ यात्रा कर रही 75 वर्षीय महिला गोंडा रेलवे स्टेशन पर भटक गई। मां के गायब होने के बाद बेटे ने परेशान होकर सूचना जीआरपी कंट्रोल रूम को दी। उसके बाद जीआरपी आनंदनगर टीम ने सघन तलाशी के बाद महिला को हमसफर ट्रेन से बरामद कर परिजनों को सौंप दिया।
प्रभारी निरीक्षक जीआरपी आनंदनगर आदित्य सिंह ने बताया कि दोहरीघाट गोरखपुर के गौरीडीह निवासी अरविंद कुमार अपनी मां पन्ना देवी 75 के साथ लखनऊ से गोरखपुर के 15010 मैलानी एक्सप्रेस में सवार हुए थे। गोंडा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के उतरने के दौरान गलती से पन्ना देवी ट्रेन से उतर गई और दूसरे ट्रेन में सवार हो गई। बेटा अरविंद कुमार मां के गायब होने की जानकारी होते ही परेशान हो उठा। उसने तत्काल इसकी सूचना जीआरपी कंट्रोल रूम को दी। सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस सक्रिय हो गई और सिद्धार्थनगर व आनंदनगर में तलाश शुरू कर दी। ट्रेनों में सघन तलाशी के दौरान आनंदनगर रेलवे स्टेशन पर उक्त महिला बरामद हुई।
व्हा्टसएप पर फोटो भेज कर परिजनों से पुष्टि करते हुए महिला को परिजनों को सौंप दिया गया। परिजन आनंदनगर पहुंच कर महिला को अपने साथ ले गए। टीम में उपनिरीक्षक मोहनलाल, अजय यादव, सुनील चौधरी आदि रहे।