सिसवा बाजार। बिहार के मोतिहारी निवासी चार किशोरियां दिल्ली जा रही थीं। संदिग्ध अवस्था में देख जीआरपी ने पूछताछ की और जिला बाल कल्याण विभाग के सुपुर्द कर दिया। जीआरपी कप्तानगंज के उप निरीक्षक अजय राय के अनुसार, उन्हें रेलवे मदद से सूचना मिली थी कि मोतिहारी से चार नाबालिग लड़कियां दिल्ली के लिए फरार हुई हैं। सूचना पर टीम सतर्क हो गई। सोमवार को सिसवा रेलवे स्टेशन पर चार किशोरियों को संदिग्ध अवस्था में देखा तो जीआरपी ने पूछताछ की। उन्होंने बताया कि बिना परिजनों को बताए पढ़ाई करने दिल्ली जा रही थीं। चारों कक्षा 10 की छात्रा हैं। रास्ते में उनका मन बदल गया तो वो सिसवा रेलवे स्टेशन पर गाड़ी से उतर गईं। किसी व्यक्ति से मोबाइल मांग कर अपने घर वालों को बताया कि चारों सिसवा स्टेशन पर हैं। जीआरपी ने लड़कियों के मिलने की सूचना रेलवे मदद विभाग को दी और किशोरियों को जिला बाल कल्याण विभाग के सुपुर्द कर दिया। संवाद