हर वर्ग को आगे बढ़ाने के लिए सरकार गंभीर
किसानों, युवाओं, बेरोजगारों के लिए चल रहीं योजनाएं, लाभ उठाएं जरूरतमंद
महराजगंज। केंद्र व प्रदेश की सरकार हर वर्ग को आगे बढ़ाने के लिए गंभीर है। किसानों, युवाओं व बेरोजगारों को प्रोत्साहित करने व उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। शासन की नीति बेहतर है, ऐसे में बैंकों व विभागों से जुड़े जिम्मेदार अपनी भूमिका को बेहतर ढंग से निभाएं तथा जरूरतमंदों के विकास में सहभागी बनें। ये बातें नगर के एक लान में आयोजित चार दिवसीय वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम व ऋण वितरण मेले का शुभारंभ करते हुए शनिवार को केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने कहीं।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कृषि आधारित गतिविधियों को बढ़ावा देकर किसानों की आय को बढ़ाया जाए। आजीविका मिशन के तहत अधिक से अधिक समूह गठित कर उन्हें काम से जोड़ा जाए। साथ ही मत्स्य पालन, पशुपालन, डेयरी काम के विकास पर भी जोर देते हुए इच्छुक लोगों को लाभान्वित किया जाए। उन्होंने बैंकों के जिम्मेदारों से कहा कि ऋण के लिए आवेदन करने वाले आवेदकों को समय से ऋण वितरित करने पर जोर दें।
मुख्य विकास अधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने कहा कि वित्तीय साक्षरता का ज्ञान प्राप्त कर ही जरूरतमंद अपने ऋण का सही जगह उपयोग कर सकते हैं। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत, विधायक जयमंगल कन्नौजिया, अपर जिलाधिकारी डॉ. पंकज कुमार वर्मा, बैंक से जुड़े अधिकारी के रुप में संजीव कुमार, राजेश भारती, संजय वर्मा, योगेश टंडन व अमरेश कुमार मौर्य आदि मौजूद रहे।
---------------
बैंकों ने लगाया स्टाल
मेले में मार्गदर्शी बैंक की देखरेख में भारतीय स्टेट बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, बैंक ऑफ इंडिया, सेंट्रल बैंक, केनरा बैंक, बड़ौदा यूपी बैंक की ओर से स्टाल लगाया गया। जिस पर पहुंचकर लोगों ने जानकारी प्राप्त की।
---------
कठपुतली नृत्य व नुक्कड़ नाटक के माध्यम से किया गया जागरूक
मेले में उपस्थित लोगों को कठपुतली नृत्य व नुक्कड़ नाटक के माध्यम से शासकीय योजनाओं का लाभ उठाने के लिए जागरूक किया गया।
-----------------
प्रमाणपत्र का भी हुआ वितरण
मुख्य विकास अधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने ब्यूटी पार्लर व डेरी का प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली पूजा यादव, मोनिका, रीना भारती, खूश्बू, दिव्या, प्रतिमा, पल्लवी, मनीषा देवी व संध्या गुप्ता को प्रमाणपत्र वितरित किया।