महराजगंज। घुघुली विकास खंड के अमोढा ग्राम सभा में नवनिर्मित आगनबाड़ी व कंप्यूटर कक्ष का लोकार्पण मंगलवार को सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने किया। विधायक ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार विकास को नई गति दे रही है।
उन्होंने कहा कि केंद्र में मोदी और प्रदेश में योगी सरकार विकास के नए-नए प्रतिमान स्थापित कर रही है। सरकार ने गरीबों को अनाज, आवास, गैस, बिजली कनेक्शन, आयुष्मान कार्ड से लाभान्वित किया है। इस दौरान ग्राम प्रधान शैलेश पटेल ने विधायक से ग्राम सभा में बिजली की समस्या बताई।
विधायक ने विद्यालय में दो लाख रुपये के फर्नीचर देने की घोषणा की। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख के प्रतिनिधि ओम प्रकाश जायसवाल, पूर्व ब्लॉक प्रमुख मोहन सिंह, जिला पंचायत सदस्य इफ्तिखार उर्फ टुनटुन, खंड शिक्षा अधिकारी विनय शील मिश्रा, पूर्व प्रधान सियाराम दास, जनार्दन उपाध्याय, पूर्व प्रधान रामाज्ञा यादव, रंजीत सिंह आदि मौजूद रहे। संवाद