महराजगंज। तस्कर अब भारत से बड़े पैमाने पर सोना नेपाल पहुंचा रहे हैं। भारत में सोने का भाव 78 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम है तो नेपाल में इसका भाव भारतीय मुद्रा में 87.5 हजार रुपये चल रहा है। नेपाल में प्रति 10 ग्राम सोने का मूल्य 1,40,000 नेपाली मुद्रा है। ऐसे में बड़े आसानी से नेपाल के दुकानदार भारत का सोना खरीद रहे हैं।
सूत्रों की माने तो तस्कर सोने को पगडंडियों से होकर नेपाल पहुंचाते हैं। कुछ तो आभूषण बनवाकर सीधे मुख्य मार्ग से ही प्रवेश कर जाते हैं। भारत-नेपाल सीमा सोनौली के बीच भीड़ के दौरान सामान्य आवागमन का फायदा उठाकर भारत का सोना नेपाल पहुंच रहा है। सरहद पर रोजाना 10 हजार यात्रियों का आवागमन होता है। जिसका लाभ उठाते हुए तस्कर आसानी से दो नंबर गली बस डिपो के पीछे और पगडंडियों से सीमा पार नेपाल चले जाते हैं।
तस्करी को देखते हुए दोनों ओर की सुरक्षा एजेंसियां भी सक्रिय हैं। उनकी नजरों से बचने के लिए सोने को नेपाल में आभूषण का रूप दे दिया जाता है। पहले नेपाल में बड़े पैमाने पर कतर, दुबई, ओमान, मलेशिया और सऊदी अरब समेत अन्य खाड़ी देशों से तस्करी कर सोना पहुंच रहा था, लेकिन अब राजस्थान से लाया जा रहा है।