नगर पालिका परिषद में संचारी रोग नियंत्रण अभियान को सफल बनाने के लिए हुई चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। संचारी रोग नियंत्रण के लिए सफाई अभियान पर विशेष जोर दिया जाए। नगर के सभी वार्डों में कार्ययोजना बनाते हुए टीम लगा सफाई की जाए। इसके साथ ही फाॅगिंग व दवाओं का छिड़काव भी नियमित रूप से जारी रखा जाए।
ये बातें नगर पालिका अध्यक्ष पुष्पलता मंगल ने शनिवार को पालिका सभागार में संचारी रोग नियंत्रण अभियान को सफल बनाने के संबंध में हुई बैठक में कही। उन्होंने कहा कि वार्ड के लोग भी गंदगी आदि के बारे में जागरूक रहते हुए उन्हें, अधिशासी अधिकारी, सफाई नायक व कर्मियों को सूचित करें, जिससे समस्याओं को दूर कराया जा सके। अधिशासी अधिकारी आलोक कुमार मिश्र ने कहा कि
संचारी रोग को नियंत्रित करना व स्वच्छता को बढ़ावा देना हम सभी का दायित्व है। इसे लेकर सभी को गंभीर रहना होगा। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. केपी सिंह ने कहा कि तीन से 31 अक्तूबर तक चलने वाले अभियान के तहत यदि किसी वार्ड में बीमारियों का प्रकोप दिखे तो सदर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अथवा नगरीय स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सकों व कर्मियों को सूचित कर दिया जाए।
इस कार्य में वार्ड सभासद अहम भूमिका निभा सकते हैं। इस दौरान बीपीएम सूर्यप्रताप सिंह, प्रधान लिपिक मोहम्मद शमीम, अखिलेश पांडेय, लाल बहादुर, विजय कुमार समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
-
पालिका के कर्मियों ने ली स्वच्छता की शपथ
नगर पालिका अध्यक्ष ने पालिका के कर्मियों को सभागार में स्वच्छता की शपथ भी दिलाई। कहा कि कर्मी स्वयं स्वच्छता को अपनाएं व समाज को भी इस दिशा में प्रेरित करने का कार्य करें।