तहसीलदार की मौजूदगी में कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को फंदे से उतारा गया
संवाद न्यूज एजेंसी
अड्डा बाजार। नौतनवां थाना क्षेत्र के चमैनिया उर्फ भेड़ही में शनिवार की दोपहर 14 वर्षीय निर्मला का शव बंद कमरे में छत के कूंडे से झूलता मिला। परिजनों के रोने की आवाज सुनकर पड़ोसी जुट गए। तहसीलदार की मौजूदगी में कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को फंदे से उतारा गया।
पुलिस के अनुसार, विनोद प्रजापति का घर गांव के बाहर है। वह बड़े बेटे सौरभ के साथ महाराष्ट्र के रत्नागिरी में मजदूरी करते हैं। मां पुनीता मनरेगा मजदूरी करने और बड़ी बहन नीलम दूसरे के खेत में धान रोपने गई थी। पांच वर्षीय छोटा भाई किशन घर पर था। किशन भी खेलने चला गया। दोपहर में नीलम भोजन करने घर आई। नीलम ने बताया कि आवाज लगाने के बाद निर्मला ने जवाब नहीं दिया। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था।
नीलम ने बताया कि खिड़की से देखा तो निर्मला का शव फंदे से लटका था। कुछ ही देर में मां भी घर लौटी। परिजनों के रोने की आवाज सुनकर पड़ोसी भी आ गए। मां व बहन ने बताया कि निर्मला को किसी ने डांट तक नहीं था। उसने यह कदम कैसे उठा लिया, समझ में नहीं आ रहा है। नौतनवां थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि किशोरी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
...
आठवीं में पढ़ती थी निर्मला
निर्मला गांव के सरकारी स्कूल मे आठवीं की छात्रा थी। घटना की सूचना पाकर नौतनवां तहसीलदार अरविंद कुमार, कानूनगो रसीद अहमद, लेखपाल दीपेंद्र धवल मौके पर पहुंचे।