महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के एक गांव में शुक्रवार देर रात एक कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवती का फंदे से लटकता हुआ शव बरामद हुआ। घटना के समय घर पर कोई नहीं था। युवती के माता-पिता लुधियाना में हैं। उसका भाई भी बाहर गया था। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी, लेकिन आठ घंटे तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंच सकी। रात लगभग दो बजे पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार 19 वर्षीय युवती घर पर अकेली थी। पिता बाहर रहकर कमाते हैं। भाई भी कमाने के लिए बाहर चला गया था। युवती का फंदे से लटकता हुआ शव बरामद हुआ। ग्रामीणों ने इसकी सूचना ग्राम प्रधान प्रतिनिधि को दी। वह गांव के चौकीदार को लेकर घटनास्थल पर पहुंचे और इसकी जानकारी पुलिस को दी। आठ घंटे बाद रात दो बजे पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। थानाध्यक्ष रामाज्ञा सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
लुधियाना गई है मां
लोगों में चर्चा है कि युवती की जान प्रेम-प्रसंग की वजह से गई है। युवती की मां लुधियाना में रहती हैं। उन्होंने बताया कि गांव के ही एक युवक के साथ बेटी का प्रेम-प्रसंग चल रहा था। जानकारी होने पर बेटी से पूछताछ की तो उसने बताया कि उसने युवक से मंदिर में शादी कर ली है। उसे लेकर युवक के घर गई तो उसके परिजन झगड़ा करने लगे। अगले दिन गांव में ही लोगों के समझाने बुझाने पर मामले को दबा दिया गया। इसके बाद मैं लुधियाना चली गई।