ओपीडी से रेफर सभी मरीजों के बलगम की कराएं जांच
महराजगंज। बाह्य रोगी विभाग ( ओपीडी) से रेफर किए गए क्षय रोग के सभी संभावित मरीजों के बलगम की जांच कराई जाए। यदि पॉजिटिव क्षय रोगी मिलता है तो उसके परिवार के सभी सदस्यों के बलगम की जांच कराई जाए। जांच में मिले क्षय रोगियों का तत्काल उपचार शुरू कराया जाए।
ये बातें जिला क्षय रोग अधिकारी ( डीटीओ) डॉ.वीरेन्द्र आर्य ने जिला क्षय केंद्र कार्यालय के सभागार में वरिष्ठ उपचार पर्यवेक्षकों तथा लैब टेक्नीशियन के बैठक को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि चिन्हित क्षय रोगियों का इलाज शुरू करने के साथ ही उनका आधार नंबर और बैंक खाता नंबर भी प्राप्त कर नजदीक के सरकारी अस्पताल पर उपलब्ध करा दिया जाए ताकि उन्हें निक्षय पोषण योजना के तहत इलाज की अवधि में प्रति माह 500 रुपये की धनराशि उनके खाते में भेजी जा सके।
जिला कार्यक्रम समन्वयक हरिशंकर त्रिपाठी ने बताया कि जिले के कुल 27 केंद्रों पर बलगम की जांच की सुविधा है। इन केन्द्रों में डीटीओ कार्यालय, जिला अस्पताल, नगरीय पीएचसी, बागापार, घुघली सीएचसी, हरपुर महंथ, परतावल, श्याम देउरवा, पनियरा, लक्ष्मीपुर, मंसूरगंज, सिसवा, मिठौरा, निचलौल, जहदा, फरेन्दा, धानी, नौसागर, बृजमनगंज, बहदूरी, कोल्हुई, लक्ष्मीपुर, पुरंदरपुर, अड्डा बाजार, नौतनवा, रतनपुर तथा बरगदवा शामिल हैं।
वरिष्ठ उपचार पर्यवेक्षक दुर्गश कुमार ने बताया कि अधिक से अधिक क्षय रोगियों को चिन्हित करने पर जोर देना है। इसके लिए ग्राम प्रधानों, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्वयं सहायता समूह के लोगों से सहयोग लिया जाएगा। इस दौरान अनुपम श्रीवास्तव, सुनील कुमार सिंह, अजित चौधरी, दुर्गश, विवेक पांडेय, शाह आलम, इमरान, किशोर कुमार, अनूप, कुलदीपक आदि मौजूद रहे।