महराजगंज। श्रावण माह में जो श्रद्धालु गंगोत्री, हरिद्वार नहीं जा पा रहे हैं उनके लिए डाकघर में गंगाजल की व्यवस्था हो गई है। वह शुल्क देकर इसकी खरीद कर सकते हैं। प्रधान डाकघर में जहां व्यवस्था शुरू है वहीं जिले के तीन डाकघरों में गंगोत्री का गंगाजल शीघ्र ही मिलने लगेगी।
मुख्यालय डाकघर में 300 बोतल की मांग शुरुआत में हुई थी। इसमें से 200 बाटल सावन को देखते हुए बिक चुके हैं। 500 बोतल की डिमांड दोबारा हुई है, प्रधान डाकघर से बताया गया कि दो दिन के अंदर डाकघर में गंगाजल पहुंच जाएगा। सावन के महीने में शिव उपासना और गंगा जल से शिव अभिषेक का महत्व पुराणों में वर्णित है।
गंगाजल से अभिषेक करने वालों को पुण्य का लाभ मिलता है तथा परिवार में सुख समृद्धि का वास होता है। गंगाजल की उपलब्धता को देखते हुए डाकघर से भी श्रद्धालु गंगोत्री का गंगाजल खरीद सकते हैं। अभी प्रधान डाकघर में यह व्यवस्था चल रही है। 22 जुलाई से फरेंदा, नौतनवा व घुघली के डाकघरों में भी यह व्यवस्था शुरू करने की तैयारी है। कोई भी श्रद्धालु 30 रुपये में 200 एमएल गंगाजल की शीशी खरीद सकता है।
मुख्यालय के डाकघर में गंगोत्री से मंगवाए गंगाजल की बिक्री के लिए अलग से कर्मी लगाया गया है। काउंटर पर कर्मचारी की शिफ्टों में ड्यूटी लगाई जाती है। 22 जुलाई से जिले के चुनिंदा डाकघरों में भी इसकी बिक्री शुरू करा दी जाएगी।
-रामबदन निगम, (एपीएम, एसबीएचओ) प्रधान डाकघर, महराजगंज