महराजगंज। निचलौल रेंज के जंगलों से सटे होकर बहने वाली नारायणी नदी के टेलफॉल तट पर बनारस की तर्ज पर रविवार की शाम भव्य गंगा आरती का आयोजन मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ।
इस दौरान आरती गायन के साथ शंख, घंटी की ध्वनि और मां गंगा की आरती व नदी की धारा तक फैले जलते दीपकों की लौ से उत्पन्न अद्भुत छटा देख श्रद्धालु भक्ति भाव से भर गए। मंत्रों से टेलफॉल तट गुंजायमान हो उठा।
मुख्य अतिथि विधायक प्रेम सागर पटेल ने कहा कि यह आयोजन सीमावर्ती क्षेत्र को सिर्फ जिले ही नहीं अपितु प्रदेश स्तर पर ख्याति दिलाएगा। इस अवसर पर डीएम सतेंद्र कुमार, अपर जिलाधिकारी डाॅ. पंकज वर्मा, एसडीएम सत्यप्रकाश मिश्रा, तहसीलदार विवेक श्रीवास्तव, नायब तहसीलदार नवीन निश्चल त्रिपाठी, राघवेंद्र प्रताप सिंह, नृपेंद्र विक्रम सिंह, विपिन सिंह, प्रधान दिनेश शर्मा आदि मौजूद रहे। संवाद