महराजगंज। जिले में बारिश का असर दिखने लगा है। नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। महाव के साथ ही गंडक नदी का जलस्तर खतरे के निशान के ऊपर पहुंच गया है। बंधों की निगरानी तेज कर दी गई है। सिंचाई विभाग की ओर से जिम्मेदारों को तैनात कर दिया गया है।
शनिवार को महाव नाले के पुल में सुबह एक पेड फंस गया था। इसे लेकर जिम्मेदार परेशान हो गए। क्योंकि पेड़ तेज जलधारा के साथ आगे जाता तो किनारों को तोड़ देता है। समय रहते ही जेसीबी से इसे निकाला गया। इसके बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली। सबसे अधिक 12 फीट पर महाव का स्तर रिकार्ड किया गया। चंदी राप्ती, रोहिन समेत अन्य नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी हुई है। बी गैप बंधे की सुरक्षा को लेकर विशेष निगरानी की जा रही है।
सिंचाई खंड द्वितीय अधिशासी अभियंता राजीव कपिल ने बताया कि बंधे सुरक्षित हैं। जिम्मेदारों को निर्देशित किया गया है। जल स्तर पर नजर रखी जा रही है।
जिले में नदियों का जलस्तर
नदीखतरे का निशान-वर्तमान जलस्तर
प्यास-102.25मीटर-102.50 मीटर
चंदन-101.5मीटर-101.50 मीटर
राप्ती रिंगोली-80.30-78.55 मीटर
महाव5 फीट-12 फीट
रोहिन रतनपुर -99.35 मीटर-98.20 मीटर
रोहिन भौराबारी-79 मीटर-76.25मीटर
रोहिन त्रिमुहानी-82.44 मीटर79.78मीटर
गंडक-109.670 मीटर-109.710 मीटर
जिगिनिहवां में चंदन नदी का पश्चिमी किनारा टूटा
ठूठीबारी। जिगिनिहवां ग्राम सभा के मल्लाह टोली गांव के दक्षिण चंदन नदी का पश्चिमी किनारा 200 मीटर टूट गया। इससे नदी किनारे बसे ग्रामीण सहमे हैं। पानी तेजी से मल्लाहटोला, दोमुहान, जिगिनिहवां, कजड़हवां, साहू टोला, अहीरन टोला, लोहार टोला, सिहाभार कचरहियां आदि गांवों के तरफ बढ़ने लगा है। किसान रामबचन सहानी, सोलहू, विजय, श्रीमती, उदयभान, लोरीक, दुखनी, जरीना, उलीमुन निशा ने बताया कि मल्लाह टोली गांव के दक्षिण रामचंद्र गौतम के खेत के सामने चंदन नदी 200 मीटर पिछले बाढ़ में कटान कर दिया था जिससे बंधा जर्जर हो गया था। इस बार फिर पानी का दबाव बढ़ा तो किनारा टूट गया। इसकी मरम्मत के लिए जिम्मेदार जुटे हैं। संवाद
रोहिन नदी का जलस्तर बढ़ने से आसपास के लोगों की उड़ी नींद
बागापार। जिले में तीन दिनों से हो रही मूसलधार बारिश से रोहिन नदी का जलस्तर बढ़ गया है। उफनाए रोहिन नदी की धारा ने केवलापुर खुर्द के टोला जिनवापुर, आराजी जगपुर, केवलापुर खुर्द, चट्टा टोला की ओर कटान करना शुरू कर दिया है। गोपाल पासवान, संतोष सिंह, अभिषेक सिंह, विश्वंभरनाथ, धर्मेंद्र सिंह, रामदयाल पासवान, प्रदीप पासवान, मुकेश पासवान ने बताया कि बंधे की मरम्मत नहीं हुई। बांध टूटा तो दर्जनों गांव में पानी घुस जाएगा। अभी से लोग सुरक्षित ठिकाना ढूंढने लगे हैं। संवाद