महराजगंज। घुघली थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक से साइबर ठगों ने 2.25 लाख रुपये ठग लिए। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर बृहस्पतिवार को केस दर्ज कर लिया।
घुघली थाना क्षेत्र के गांव घुघली बुजुर्ग गांव निवासी संतराज कुशवाहा ने साइबर पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बीते दिनों उनके मोबाइल पर एक अंजान व्यक्ति का फोन आया। बोला कि आप अश्लील वीडियो देखते हैं। आपके खिलाफ दिल्ली सुप्रीम कोर्ट में केस दर्ज है। मैं लखनऊ क्राइम ब्रांच से बोल रहा हूं। तुम्हारे ऊपर 10 लाख का जुर्माना लगा है।
यदी तुम नहीं दोगे तो उम्र कैद की सजा हो जाएगी। तुम्हारे बच्चे के भले के लिए पांच लाख रुपये तक जुर्माना करा सकता हूं। तुम फाइल जांच कराने के लिए तत्काल मुझे 3500 रुपये ऑनलाइन भेज दो। रकम भेजने के बाद नौ जुलाई को शख्स ने फिर फोन कर अतिरिक्त शुल्क के नाम पर 11500 रुपये की मांग की। उसे भी उन्होंने ऑनलाइन मध्यम से भेज दिया। उसके बाद शख्स ने उनसे 30000, 80000 और 100000 का आनलाइन भुगतान करा लिया। इतना ही नहीं 275000 रुपये फिर भेजने के लिए फोन कर उन्हे धमकी देने लगा।
इस संबंध में साइबर थाना प्रभारी सजनू यादव ने बताया की मामले में पीड़ित की तहरीर पर साइबर ठगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच की जा रही है।