संवाद न्यूज एजेंसी
परतावल। गोरखपुर के गुलहरिया थाना क्षेत्र के हीरागंज नरायनपुर नंबर-दो निवासी छबिलाल चौहान ने श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के चार लोगों के खिलाफ फर्जी तरीके से खेत का बैनामा कराने का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया है।
छबिनाथ चौहान ने बताया कि सवा एकड़ खेत की आवश्यकता थी। खेत खरीदने के लिए गांव के ही रविंद्र से संपर्क किया। रविंद्र ने उन्हें श्यामदेउरवां थानाक्षेत्र के बड़हरा बरईपार ले जाकर 120 डिस्मिल जमीन दिखाई, जो जमीन बड़हरा बरईपार निवासी जहीरूल हसन का 60 डिस्मिल तथा नुरूद्दीन का 60 डिस्मिल था। जमीन पसंद आने पर उन्हें खाते में संपूर्ण धनराशि दे दी। रुपया भुगतान करने के बाद पांच अप्रैल 2019 को रविंद्र के साथ महराजगंज बैनामा कराने गया। जहां बैनामा के खर्च के लिए एक लाख पैंतीस हजार रुपये नकद दिया गया। कोरोना का समय था, इसलिए उन्होंने कहा कि रजिस्ट्री कार्यालय में सिर्फ फोटो खींचा जाएगा और फिंगर लगाया जाएगा। इसके अलावा कुछ नहीं होगा।
उनके झांसे में आ गया। यह सब होने के बाद खेत बोने के लिए रविंद्र को दे दिया गया। उपज का आधा हिस्सा रविंद्र मुझे देते थे। पैसे की आवश्यकता पड़ने पर मैं उक्त जमीन को बेचने के लिए एक ग्राहक को साथ लेकर जमीन दिखाने गया। वहां बगल के लोगों ने बताया कि मेरी जमीन सोनमती पत्नी रविंद्र के नाम से है। जब जमीन के बैनामा की नकल निकालकर देखी तो पता चला कि उन लोगों ने मिलकर मेरे साथ छल कपट किया है। मेरा पैसा हड़प लिया है।
थानाध्यक्ष रामाज्ञा सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर आरोपी जहीरूल, नुरूद्दीन, रविंद्र व उनकी पत्नी सोनमती के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही है।