फर्जी खतौनी पर जमीन का हो गया बैनामा, पीड़ित की शिकायत पर नहीं दिया गया ध्यान
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। दुष्कर्म के आरोप में फंसे सब रजिस्ट्रार राकेश राम को न्यायालय से स्टे तो मिल गया है, लेकिन एक अन्य मामले में उनकी मुश्किल बढ़ गई है। सब रजिस्ट्रार समेत पांच लोगों पर धोखाधड़ी की धारा के तहत केस दर्ज हुआ है।
घुघली थाना क्षेत्र के अमसहा गांव के रहने वाले रामदरस ने बताया कि सगे भाई भोला यादव की संयुक्त भूमिधरी की जमीन है। उसमें बंटवारा हुआ नहीं है। पहले भाई ने जमीन बेचने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। उप जिला अधिकारी न्यायालय में जमीन से संबंधित मुकदमा लंबित है। उप जिलाधिकारी न्यायालय से भोला को जमीन बेचने से मना किया गया था, जो राजस्व अभिलेख में 24 नवंबर 2017 को अमल दरामद हो चुका है। न्यायालय के आदेश के बावजूद भोला ने षड्यंत्र रचते हुए कूटरचना करके एक फर्जी खतौनी तैयार कराई, जिसमें से उप जिलाधिकारी के आदेश को हटा दिया। इस संबंध में उप निबंधक राकेश राम से शिकायत की और आशंका जताई थी कि भाई भोला प्रसाद यादव फर्जी दस्तावेज रजिस्टर्ड करा कर बैनामा करा सकता है। सूचना के बाद भी फर्जी खतौनी तैयार कर जमीन का बैनामा करा लिया गया।
प्रभारी निरीक्षक सदर कोतवाली रवि कुमार राय ने आरोपी तत्कालीन सब रजिस्ट्रार राकेश राम भोला यादव, भोला यादव निवासी अमसहा, श्री प्रकाश यादव निवासी सोहरौना तिवारी, दस्तावेज लेखक रामनरेश प्रसाद महाराजगंज, बाबू राकेश पांडे महाराजगंज के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धारा के तहत केस दर्ज कर लिया गया है।